विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी में जिला पार्षद प्रतिनिधि की गोली मारकर हत्या, 4 दिन पहले ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किया था घेराव

Published: Sat, 12 Sep 2026 08:35 AM (IST)

सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र में जिला पार्षद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की सुबह मार्निंग वॉक के दौरान अपराधियों ने गोली ...और पढ़ें

हत्या के बाद उमड़ी भीड़। फोटो जागरण

हत्या के बाद उमड़ी भीड़। फोटो जागरण

HighLights

  1. जिला पार्षद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की सीतामढ़ी में गोली मारकर हत्या।

  2. अपराधियों ने मार्निंग वॉक के दौरान आठ गोलियां मारीं, सनसनी फैली।

  3. चार दिन पहले पुलिस की निष्क्रियता पर ग्रामीणों ने किया था घेराव।

सुमित कुमार, सीतामढ़ी। जिला मुख्यालय डुमरा थाना क्षेत्र की मिश्रौलिया पंचायत के केथरिया रामपट्टी गांव में शनिवार की सुबह करीब छह बजे अपराधियों ने जिला पार्षद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की गोली मार हत्या कर दी। अपराधियों ने उन्हें आठ गोलियां मारी हैं। दिनदहाड़े हुई हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना के बाद स्वजन और ग्रामीणों में आक्रोश है। बताया जाता है कि प्रतिदिन की भांति जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13 की पार्षद खुशदील देवी के पति बैद्यनाथ महतो शनिवार की सुबह मार्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान श्मशान घाट के पास बने बैठका में दो बाइक से पहुंचे चार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और गोली मारकर फरार हो गए।

गौरतलब है कि 28 अगस्त की रात भी बदमाशों ने बैद्यनाथ महतो के घर पर हवाई फायरिंग की थी। घटना के बाद उन्होंने थाने पर पहुंचकर पुलिस को दो खोखे भी उपलब्ध कराए थे।

मामले में एजाज और त्रिभुवन समेत तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई।

चार दिन पहले थाना का किया था घेराव

क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चार दिन पूर्व ग्रामीणों ने डुमरा थाने का घेराव भी किया था। ग्रामीणों ने पुलिस से पूर्व की फायरिंग की घटना में आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की थी।

इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है। इसी बीच शनिवार की सुबह बैद्यनाथ महतो की हत्या ने पुलिस की कार्यशैली और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वीडियो मांगने को लेकर भी उठ रहे सवाल

स्वजन और ग्रामीणों का आरोप है कि 28 अगस्त की फायरिंग के बाद पुलिस की ओर से घटना का वीडियो उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी। कथित तौर पर वीडियो मिलने के बाद अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही गई थी।

ग्रामीणों का सवाल है कि जब प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस को घटना में इस्तेमाल किए गए खोखे भी उपलब्ध कराए गए थे तो कार्रवाई के लिए और कितने साक्ष्य की आवश्यकता थी। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

गोली लगने से बैधनाथ महतो की मौत हो गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही है। - मुकेश कुमार, थानाध्यक्ष, डुमरा (सीतामढ़ी)