सामाजिक पुनर्वास कोष योजना: सिवान में 37 महिलाओं को मिलेगी 10-10 हजार की सहायता, DM ने लिया फैसला
सिवान जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में 'सामाजिक पुनर्वास कोष योजना' के तहत 37 लाभार्थियों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहा ...और पढ़ें

सिवान में 37 महिलाओं को मिलेगी 10-10 हजार की सहायता, DM ने लिया फैसला

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, सिवान। 'मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना' अंतर्गत 'सामाजिक पुनर्वास कोर्स योजना' के तहत घरेलू हिंसा एवं मानव पणन से उत्पीड़ित महिलाएं एवं उसके बच्चों के पुनर्वास की आवश्यकता को पूरा करने हेतु आर्थिक अनुदान प्रदान करने के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय (Siwan DM Vivek Ranjan) की अध्यक्षता में हुई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि सामाजिक पुनर्वास कोष योजना के तहत जिला स्तरीय समिति द्वारा 37 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत सभी लाभार्थियों को 10 हजार रूपये प्रति लाभुक की दर से सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
शक्ति सदन के संचालन की समीक्षा करते हुए डीएम द्वारा निर्देश दिया गया कि सदन का संचालन सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाए। वहीं, संचालन में आने वाली समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने तथा महिला सुरक्षा गार्ड एवं अंशकालिक चिकित्सक की व्यवस्था हेतु संबंधित पदाधिकारियों को पत्राचार करने की बात कही गई।
वहीं, वन स्टॉप सेंटर के भवन निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल चिह्नित करते हुए प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने को निर्देशित किया गया। साथ ही, यह भी कहा गया कि पीड़ित महिलाओं की समस्याओं का समाधान नियमानुसार वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा, जिले में महिलाओं के कल्याण हेतु संचालित सभी योजनाओं का सही ढंग से प्रचार-प्रसार करने के लिए ठोस कार्य योजना तैयार कर उसे क्रियान्वित करने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक पात्र महिलाएं योजना का लाभ उठा सकें।
अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन महिलाओं एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रतिबद्ध है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।