वर्ल्ड क्लास गेस्ट हाउस और ईको-टूरिज्म... सुपौल के भीमनगर बॉर्डर को टूरिस्ट हब बनाने की तैयारी तेज
भारत-नेपाल सीमा से सटे भीमनगर क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की कवायद तेज हो गई है, जिसमें ...और पढ़ें

एसडीएम से जानकारी लेते पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, पटना मुख्यालय के संयुक्त निदेशक। जागरण
HighLights
भीमनगर सीमा को पर्यटन स्थल बनाने की कवायद तेज।
विश्व स्तरीय गेस्ट हाउस, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की योजना।
मत्स्य विकास और पर्यटन की अपार संभावनाओं का निरीक्षण।
संवाद सूत्र, भीमनगर (सुपौल)। भारत-नेपाल सीमा से सटे भीमनगर बॉर्डर क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। स्वच्छ एवं सुंदर वीरपुर की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में रविवार दोपहर बिहार सरकार के पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के संयुक्त निदेशक मो. राशिद फारूकी ने वीरपुर एसडीएम विनय कुमार एवं जिला मत्स्य पदाधिकारी के साथ सीमावर्ती क्षेत्र का निरीक्षण किया।
इस दौरान पूर्व से चिह्नित विभिन्न स्थलों का जायजा लिया गया और पर्यटन विकास की संभावनाओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। करीब 20 मिनट तक चले निरीक्षण के बाद संयुक्त निदेशक ने बताया कि भीमनगर के सीमावर्ती क्षेत्र में मत्स्य विकास के साथ पर्यटन की भी अपार संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को तलाशते हुए क्षेत्र को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर स्थित होने के कारण यहां आने वाले पर्यटकों के ठहरने के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी। क्षेत्र में वाटर पार्क, मड हाउस एवं गेस्ट हाउस बनाने की योजना पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा बड़े पैमाने पर बांस के पौधे लगाने की भी योजना है।
संयुक्त निदेशक ने बताया कि भंटाबारी एपीएफ चेकपोस्ट से एसएसबी चेकपोस्ट के बीच बांध के पूर्वी हिस्से में वर्ल्ड क्लास गेस्ट हाउस बनाने की योजना है।
इस स्थल को जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में प्रस्तावित किया जा चुका है। वहीं, बांध के पश्चिमी हिस्से में खाली पड़ी जलजमाव वाली जगह पर फ्लोटिंग रेस्टोरेंट विकसित करने की योजना है। जिला प्रशासन की ओर से वाटर पार्क तथा मड हाउस को आकर्षक गेस्ट हाउस के रूप में विकसित करने की भी योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि उद्देश्य है कि नेपाल जाने अथवा नेपाल से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाले पर्यटक भीमनगर में कुछ समय जरूर बिताएं। इसके लिए क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से युक्त और आकर्षक बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मत्स्य विकास से जुड़ी कई योजनाएं संचालित हैं। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के दूसरे चरण के तहत सुपौल जिले को प्राथमिकता देते हुए अधिक से अधिक परियोजनाएं लाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पटना में डेयरी, मत्स्य पालन एवं पशुपालन विभाग के सचिव अशोक कपिल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इसमें सुपौल डीएम भी शामिल होंगे। बैठक में भीमनगर समेत सुपौल के सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक योजनाओं को अंतिम रूप देने की दिशा में निर्णय लिया जाएगा।
एसडीएम ने कहा कि प्रयास है कि नेपाल से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने अथवा नेपाल जाने वाले लोगों को भीमनगर का सीमावर्ती क्षेत्र आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में नजर आए। इसके लिए विभिन्न विभागों से लगातार वार्ता की जा रही है। आने वाले समय में इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर स्वच्छ एवं सुंदर वीरपुर की परिकल्पना को साकार करने का प्रयास किया जाएगा।
