बिहार के हाजीपुर में निर्माणाधीन फोरलेन पुल का स्ट्रक्चर ढहा, 7 मजदूर घायल; रेस्क्यू टीम का इंतजार
हाजीपुर के लालगंज प्रखंड में एक निर्माणाधीन पुल गिरने से 5-7 मजदूर घायल हो गए, जबकि एक मजदूर अभी भी लोहे के स्ट्रक्चर में फंसा हुआ है।
HighLights
हाजीपुर में निर्माणाधीन पुल ढहा, 5-7 मजदूर घायल हुए।
एक मजदूर अभी भी लोहे के स्ट्रक्चर में गंभीर रूप से फंसा।
ग्रामीणों ने सुरक्षा उपकरणों की कमी पर कंपनी को घेरा।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। लालगंज प्रखंड के जलालपुर में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन पुल गिर गया। हादसे में 5 से 7 मजदूर घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वहीं एक मजदूर अब भी लोहे के स्ट्रक्चर में फंसा हुआ है, जिसकी स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फंसे हुए मजदूर को लोग पानी पिलाकर जीवित रखे हुए हैं, लेकिन अभी तक कोई राहत एवं बचाव कार्य शुरू नहीं किया गया है। मौके पर अफरातफरी मची हुई है और हजारों की संख्या में ग्रामीण जुटे हुए हैं।
सेफ्टी टूल का इस्तेमाल नहीं किया गया
ग्रामीणों का आरोप है कि फोरलेन निर्माण कंपनी द्वारा मजदूरों को किसी प्रकार का सेफ्टी टूल उपलब्ध नहीं कराया गया था। हादसे के बाद भी कंपनी द्वारा फंसे मजदूर को निकालने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

घायल मजदूर मुजफ्फरपुर जिला का बताया गया है बाकी किसी भी मजदूर के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दिया गया है। मौके पर हजारों की संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी के द्वारा किसी प्रकार का सेफ्टी टूल का इस्तेमाल नहीं किया गया है। वहीं जो मजदूर फंसे हुए हैं उन्हें निकालने के लिए भी फोर लेन निर्माण कंपनी के द्वारा कोई उचित कार्य नहीं किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही लालगंज सदर टू एसडीपीओ गोपाल मंडल कई अन्य थाना से पुलिस बल एवं लालगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी सुजीत कुमार स्थानीय मुखिया सहित कई लोग मौके पर पहुंच गए हैं। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी उचित राहत बचाव कार्य नहीं किए जाने से लोग आक्रोशित होते जा रहे हैं।
मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कोई इंतजाम नहीं
लालगंज के जलालपुर में फोरलेन पर बन रहे निर्माणाधीन पुल के गिरने के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। हादसे के प्रत्यक्षदर्शी स्थानीय निवासी शिवेश्वर साहू ने बताया कि निर्माण के दौरान मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कोई इंतजाम नहीं था।
उन्होंने कहा कि "यहां कोई सेफ्टी नहीं है। इतना बड़ा हादसा हो गया, एम्बुलेंस रहना चाहिए, एम्बुलेंस नहीं है, न किसी मजदूर के पास सेफ्टी बेल्ट है। गांधी सेतु पर काम होता है तो सब सेफ्टी टूल लगता है।"
हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। करीब 5 से 7 मजदूर घायल हुए हैं। आरोप है कि पुल का निर्माण घटिया तरीके से किया जा रहा है, पुल अभी से धंस रहा है। मौके पर हजारों ग्रामीण जुटे हैं, लेकिन कंपनी द्वारा अब तक राहत-बचाव का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया है। गैस कटर से लोहा काटने का प्रयाश किया जा रहा है।
सारण जिले के बाकरपुर (सोनपुर/शीतलपुर के पास) से शुरू होकर वैशाली के लालगंज क्षेत्र से गुजरते हुए मुजफ्फरपुर जिले के मानिकपुर (एसएच-74) तक लगभग 38.8 किलोमीटर की लंबाई में बनाया जा रहा है।
अभी जो घटना हुआ है यह लालगंज प्रखंड क्षेत्र के जलालपुर गांव स्थित गंडक नदी पर बना रहे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के दौरान गंडक नदी से आधा किलोमीटर पहले हुआ है हुआ है।
आक्रोशित लोगों ने कैंप में तोड़फोड़ किया
आक्रोशित लोगों मैंने कैंप में तोड़फोड़ किया। कुर्सी टेबल इधर-उधर पटक दिया। सीसीटीवी कैमरा उखाड़ दिया।

स्थानीय लोगों के आक्रोश को बढ़ते देख वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा पुलिस पदाधिकारी के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई में जुटे हैं।
वैशाली जिला पदाधिकारी के द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति।
आज दिनांक 10 सितंबर 2026 को वैशाली जिला अंतर्गत लालगंज क्षेत्र में भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन पुल के लॉन्चर के विस्थापित करने के क्रम में दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना सामने आई।
सूचना प्राप्त होते ही प्रखंड प्रशासन लालगंज और जिला प्रशासन , वैशाली तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे और मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य का समन्वय किया तथा स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
घटना में कुल 07 श्रमिक घायल हुए हैं। इस घटना में किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई है। सभी घायलों को तत्काल चिकित्सा हेतु अस्पताल पहुँचाया गया।
घायलों का विवरण
| क्र. | घायल व्यक्ति का नाम | स्थान/निवास | स्थिति |
|---|---|---|---|
| 1. | रंजन कुमार | बेगूसराय | उपचाराधीन |
| 2. | राम भरोसे साह | पटना | रेफर |
| 3. | गुलशन | पंजाब | उपचाराधीन |
| 4. | अली इमाम | पातेपुर | उपचाराधीन |
| 5. | प्रमोद चौधरी | पटना | रेफर |
| 6. | संजीव कुमार | उड़ीसा | |
| 7. | संदीप कुमार | मुजफ्फरपुर | उपचाराधीन |
घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी
राम भरोसे साह एवं प्रमोद चौधरी को बेहतर चिकित्सा उपचार हेतु रेफर किया गया है। सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा घटनास्थल एवं घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घटना के कारणों की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के अनुपालन एवं श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु संबंधित एजेंसी/निर्माण कंपनी को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।
नोट: उपरोक्त जानकारी अभी तक प्राप्त सूचना के आधार पर दी जा रही है ।
यह भी पढ़ें- वैशाली DM का 'चोकर के बोरे' वाले वायरल VIDEO पर एक्शन, जिला पशुपालन पदाधिकारी की 'ड्यूटी' चेंज
