ये कर्मी हैं या..., बेतिया के डाकघर में गबन उजागर, आवर्ती जमा निकासी मामले में दो निलंबित
Bihar Postal Department: बेतिया के लालबाजार उप डाकघर में आवर्ती जमा निकासी में 13,865 रुपये के गबन का मामला सामने आया है। ग्राहक संजय टिबड़ेवाल की शिक ...और पढ़ें

इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। Bettiah Post Office Scam: लालबाजार स्थित उप डाकघर में आवर्ती जमा राशि की निकासी में गबन का मामला सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। ग्राहक की शिकायत पर हुई जांच के बाद पीआरआई और सहायक डाकपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
शिकायत के बाद खुला मामला
मामला तब उजागर हुआ जब लालबाजार निवासी खाताधारक संजय टिबड़ेवाल ने 10 अप्रैल को डाक अधीक्षक को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उनके आवर्ती जमा खाते से कुल 58,535 रुपये मिलने थे, लेकिन उन्हें केवल 44,670 रुपये ही दिए गए। इस तरह 13,865 रुपये की कटौती कर ली गई।
अनदेखी कर किया भुगतान
जांच में सामने आया कि डाक विभाग के नियमों का उल्लंघन करते हुए 20 हजार रुपये से अधिक की राशि का भुगतान नकद कर दिया गया। जबकि नियमानुसार इतनी राशि चेक या खाते में ट्रांसफर के माध्यम से दी जानी चाहिए थी।
प्रारंभिक जांच में गबन की पुष्टि
डाक अधीक्षक के निर्देश पर सहायक डाक अधीक्षक ने मामले की जांच की। 13 अप्रैल को सौंपी गई रिपोर्ट में 13,865 रुपये की गड़बड़ी की पुष्टि हुई। इसके बाद डाक जनसंपर्क निरीक्षक प्रकाश कुमार और सहायक डाकपाल प्रेमचंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया।
अन्य खातों की भी होगी जांच
विभाग को आशंका है कि इसी तरह की गड़बड़ी अन्य खाताधारकों के साथ भी हो सकती है। इसलिए उप डाकघर लालबाजार के सभी आवर्ती जमा खातों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
गबन राशि बढ़ने की संभावना
अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान गबन की राशि बढ़ सकती है। यदि यह 50 हजार रुपये से अधिक पाई जाती है, तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले को दबाने की कोशिश
सूत्रों के अनुसार, निलंबित कर्मियों द्वारा शिकायतकर्ता को मैनेज करने की कोशिश भी की जा रही है। कटौती की गई राशि लौटाकर इसे लिपिकीय त्रुटि बताने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में कुछ स्थानीय स्तर पर भी सुलह कराने की कोशिशें चल रही हैं।
खाताधारक से गबन के मामले में लालबाजार उप डाकघर के पीआरआई और सहायक डाकपाल को निलंबित कर दिया गया है। सभी खातों की जांच कराई जा रही है।
मनोज कुमार सिंह, डाक अधीक्षक, प्रधान डाकघर, बेतिया
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।