भारत-नेपाल के इनरवा बॉर्डर पर फिर दौड़ेंगे चारपहिया वाहन! छोटी भंसार खुलने की जगी उम्मीद
भारत-नेपाल सीमा पर इनरवा बॉर्डर पर दीप प्रज्वलन कर दोनों देशों की दोस्ती का संदेश दिया गया। चारपहिया वाहनों की आवाजाही और छोटी भंसार व्यवस्था शुरू करने की मांग उठी, जिससे व्यापारिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।

इनरवा बार्डर पर भारत-नेपाल मैत्री के दीप जलाते सांसद व अन्य। जागरण
HighLights
दीपों से 'नेपाल-भारत संबंध अमर रहें' का संदेश।
चारपहिया वाहन, छोटी भंसार शुरू करने की मांग।
नेपाल सांसद ने जल्द पहल का भरोसा दिया।
संवाद सूत्र, भंगहा (पश्चिम चंपारण)। भारत-नेपाल सीमा पर एक बार फिर रौनक लौटने की उम्मीद जगी है। जिस इनरवा बॉर्डर पर चारपहिया वाहनों की आवाजाही बंद होने और छोटी भंसार व्यवस्था नहीं होने से सीमावर्ती लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है, वहां दीपों की रोशनी में नई उम्मीदों के दीप भी जले।
सैकड़ों भारतीय और नेपाली नागरिकों ने मिलकर दीपों से 'नेपाल-भारत संबंध अमर रहें' लिखकर दोनों देशों की दोस्ती का संदेश दिया।
इस दौरान छोटी भंसार व्यवस्था शुरू करने और चारपहिया वाहनों का परिचालन बहाल कराने की मांग भी जोरदार ढंग से उठी। नेपाल के सांसद ने इस दिशा में जल्द पहल करने का भरोसा दिया। इससे सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में एक बार फिर आवागमन और व्यापारिक गतिविधियां बढ़ने की आस जगी है।
दीपों से सजा सीमा क्षेत्र, गूंजा मैत्री का संदेश
इनरवा बॉर्डर पर आयोजित कार्यक्रम में दोनों देशों के सैकड़ों नागरिक जुटे। दीप प्रज्वलन के साथ सीमा पर मैत्री और भाईचारे का संदेश दिया गया। इसके बाद आतिशबाजी कर उत्साह मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नेपाल के पर्सा क्षेत्र संख्या चार के संघीय सांसद टेक बहादुर शाक्य और इनरवा कैंप के इंस्पेक्टर उत्तम सिंह ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया।
इस अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री के हाथ मिलाते हुए बड़े-बड़े बैनर लगाए गए। दोनों देशों के राष्ट्रीय ध्वज भी लहराए।
छोटी भंसार शुरू होने की जगी उम्मीद
कार्यक्रम में सांस्कृतिक मैत्री के साथ सीमावर्ती क्षेत्र की आर्थिक जरूरतों पर भी चर्चा हुई। स्थानीय लोगों ने इनरवा बॉर्डर से चारपहिया वाहनों का परिचालन बहाल कराने और छोटी भंसार व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई।
नेपाल के सांसद टेक बहादुर शाक्य ने भरोसा दिलाया कि इन दोनों मांगों को पूरा कराने की दिशा में जल्द पहल की जाएगी। छोटी भंसार व्यवस्था शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को व्यापारिक गतिविधियों में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। वहीं, चारपहिया वाहनों का परिचालन शुरू होने से दोनों ओर के लोगों की आवाजाही आसान हो सकेगी।
बेटी-रोटी के रिश्ते को और मजबूत करने पर जोर
सांसद टेक बहादुर शाक्य ने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध केवल दो देशों के बीच का रिश्ता नहीं है, बल्कि यह सदियों पुराना बेटी-रोटी का नाता है। दोनों देशों के लोगों के बीच पारिवारिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नेपाल में नई सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री के भारत दौरे से दोनों देशों के रिश्ते और प्रगाढ़ होंगे।
सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में एकजुटता का संदेश
कार्यक्रम में भारत और नेपाल के नागरिकों ने एक साथ शामिल होकर आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया। सीमावर्ती लोगों को उम्मीद है कि मैत्री के इस आयोजन में उठे मुद्दों पर जल्द सकारात्मक पहल होगी। मौके पर कृष्णमोहन यादव, जगदीश पटेल, सुशील पटेल, रजनीश कुशवाहा, उदित पटेल, विनय साह, कृष्णा साह, राहुल कुमार, नसरुल्लाह मियां और नवल यादव सहित दोनों देशों के सैकड़ों नागरिक मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।