बांग्लादेश की पटरियों पर दौड़ेगी मेड इन इंडिया ट्रेन! cctv, रिक्लाइनिंग कुर्सियों जैसी इन सुविधाओं से लबरेज हैं डिब्बे
भारत ने बांग्लादेश को 18 ब्रॉड गेज यात्री कोचों की पहली खेप भेजी है, जो 200 कोचों के ₹915 करोड़ ...और पढ़ें

कपूरथला से बांग्लादेश भेजे गए रेल के 18 कोच
HighLights
भारत ने बांग्लादेश को 18 ब्रॉड गेज कोच भेजे।
₹915 करोड़ का 200 कोचों का समझौता हुआ।
कोचों में CCTV, रिक्लाइनिंग कुर्सियां जैसी सुविधाएं हैं।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारत का पड़ोसी बांग्लादेश इन दिनों लगातार भारत से व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। हाल ही में बांग्लादेश की ओर से जूट उत्पादों और पॉलीइथिलीन टेरेफ्थेलेट (PET) फिल्म पर लागू एंटी-डंपिंग शुल्क हटाने का मुद्दा भी उठाया। अब भारत ने बांग्लादेश को रेलगाड़ी चलाने के लिए यात्री कोच का निर्यात शुरू किया है। इसी के तहत पड़ोसी को 18 ब्रॉड गेज यात्री कोचों की पहली खेप भेजी गई हैं।
रेलवे की एक्सपोर्ट ब्रांच और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विसेज लिमिटेड ( RITES Limited ) ने यह खेप भेजी है। बता दें कि दोनों देशों के बीच 200 कोच का एक करार हुआ था, उसी के तहत अभी 182 इस तरह के और कोच भेजे जाएंगे।
डिब्बों में आधुनिक सुविधाएं मौजूद
पहली खेप में रेलवे कोच के 4 प्रकार शामिल हैं। शुरुआती खेप में कॉन्ट्रैक्ट के अंतर्गत आने वाले 7 तरह के कोचों में से 4 तरह के कोच शामिल हैं। जिसमें 11 गैर-वातानुकूलित शोवन चेयर कारें, 3 वातानुकूलित चेयर कार, 2 वातानुकूलित स्लीपर कोच और 2 वातानुकूलित पावर कारें शामिल हैं। पावर कोचों में गार्ड और सामान के लिए अलग-अलग कमरे हैं। सभी कोचों में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं मौजूद हैं, जैसे एसी कोचों में पंखे, CCTV सिस्टम, अलार्म सिस्टम, आंशिक रूप से खुलने वाली खिड़कियां, बच्चों के लिए कमरा और प्रार्थना के लिए एक कमरा।
बैठने की व्यवस्था विशेष रूप से स्टेनलेस स्टील आर्मरेस्ट और स्टेनलेस स्टील फुटरेस्ट वाली रिक्लाइनिंग कुर्सियों के साथ डिजाइन की गई है। इससे यात्रियों को कई रिक्लाइनिंग पोजीशन की सुविधा मिलती है और वे बेहतर आराम का अनुभव करते हैं।
₹915 करोड़ में हुई डील
बांग्लादेश रेलवे ने साल 2024 में RITES के माध्यम से 7 वेरिएंट में 200 ब्रॉड-गेज यात्री कोचों का ऑर्डर दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस कॉन्ट्रैक्ट का मूल्य ₹915 करोड़ है और इसकी फाइनेंसिंग यूरोपीय इन्वेस्टमेंट बैंक द्वारा किया जा रहा है। शुरुआती खेप में 18 कोच भेजे गए हैं। बाकि कोचों की सप्लाई साल 2027 तक पूरी की जाएगी।
इस कंपनी ने बनाए बांग्लादेश के लिए कोच
बांग्लादेश रेलवे को हरे रंग की 18 ब्रॉड गेज यात्री कोचों की पहली खेप भेजी गई हैं। इन डिब्बों को पंजाब के कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री (RCF) में मैन्युफैक्चर किया गया है और इनकी सप्लाई रेलवे क्षेत्र की एक्सपोर्ट और इंजीनियरिंग परामर्श शाखा (RITES Limited) के माध्यम से की गई है।
