सर्च करे
Home

Trending

    म्यूचुअल फंड में क्या है एग्जिट लोड और एक्सपेंस रेशियो का मतलब? रिटर्न हो सकता है कम; पैसा लगाने से पहले जरूर समझ लीजिए

    Updated: Tue, 03 Mar 2026 01:38 PM (IST)

    म्यूचुअल फंड (Mutual Fund) में निवेश करते समय एग्जिट लोड और एक्सपेंस रेशियो महत्वपूर्ण शुल्क हैं। एग्जिट लोड तय अवधि से पहले निकासी पर लगता है, जबकि ए ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    एक्सपेंस रेशियो और एग्जिट फंड में होता है बड़ा अंतर

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    नई दिल्ली। म्यूचुअल फंड (Mutual Fund) में निवेश करते समय अधिकतर लोग सबसे ज्यादा रिटर्न पर ध्यान देते हैं। लेकिन कुछ अहम चार्जेज ऐसे होते हैं जो आपके रिटर्न को प्रभावित, बल्कि कम करते हैं। इनमें दो प्रमुख चार्ज हैं – एग्जिट लोड (Exit Load) और एक्सपेंस रेशियो (Expense Ratio)। ये दोनों ही निवेश की लागत से जुड़े होते हैं, लेकिन इनका उद्देश्य और प्रभाव अलग-अलग होता है। यदि निवेशक इन दोनों को सही से समझ लें, तो वे बेहतर और समझदारी भरे निर्णय ले सकते हैं।

    एग्जिट लोड का मतलब क्या?

    एग्जिट लोड वह शुल्क होता है, जो निवेशक को तब देना पड़ता है जब वह एक तय अवधि से पहले अपनी निवेश राशि निकालता है। उदाहरण के लिए, यदि किसी फंड में 1 वर्ष के अंदर पैसे निकालने पर 1% एग्जिट लोड है, तो समय से पहले पैसा निकालने पर आपके कुल निवेश का 1% काट लिया जाएगा।
    इस चार्ज का मुख्य उद्देश्य निवेशकों को लंबे समय तक निवेश बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह शुल्क केवल पैसा निकालते समय और विशेष शर्तों में लागू होता है।

    एक्सपेंस रेशियो क्या होता है?

    दूसरी ओर, एक्सपेंस रेशियो वह वार्षिक शुल्क है जो फंड हाउस निवेशकों से फंड मैनेजमेंट, प्रशासन, मार्केटिंग और अन्य खर्चों के लिए लेता है। यह शुल्क आपके निवेश की कुल राशि से प्रतिदिन के आधार पर ऑटोमैटिक काट लिया जाता है।
    इसे प्रतिशत में दर्शाया जाता है, जैसे 1% या 2% प्रति वर्ष। यह सीधे आपके रिटर्न को कम करता है, इसलिए कम एक्सपेंस रेशियो वाले फंड लंबे समय में अधिक लाभ दे सकते हैं, यदि अन्य स्थितियाँ समान हों।

    एक्सपेंस रेशियो और एग्जिट फंड में अंतर

    एक्सपेंस रेशियो और एग्जिट फंड में मुख्य अंतर यह है कि एग्जिट लोड एक बार और शर्तों के आधार पर लगता है, जबकि एक्सपेंस रेशियो हर साल नियमित रूप से लगता है। एग्जिट लोड से बचा जा सकता है, यदि निवेश तय अवधि तक रखा जाए, लेकिन एक्सपेंस रेशियो से पूरी तरह बचा नहीं जा सकता, क्योंकि यह फंड ऑपरेशन की कॉस्ट है।
    इसलिए फंड चुनते समय केवल पिछले रिटर्न ही नहीं, बल्कि इन शुल्कों की भी तुलना करना आवश्यक है।

    निवेशकों को क्या करना चाहिए?

    जानकार कहते हैं कि सही निवेश वही है जिसमें लागत और लाभ दोनों का संतुलन हो। एग्जिट लोड आपको निवेश अवधि के बारे में सोचने पर मजबूर करता है, जबकि एक्सपेंस रेशियो आपको लॉन्ग टर्म रिटर्न की असल तस्वीर दिखाता है। यदि आप इन दोनों को ध्यान में रखकर निवेश करेंगे, तो आपका वित्तीय लक्ष्य प्राप्त करना अधिक आसान और प्रभावी हो सकता है।

    ये भी पढ़ें - AI और आपका पैसा: निवेश की सलाह के लिए कितना विश्वसनीय है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस? आंख बंद करके भरोसा करें या नहीं?

    (डिस्क्लेमर: यहां म्यूचुअल फंड की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। म्यूचुअल फंड में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)