सरकार दे रही है UPI Linked क्रेडिट कार्ड, कौन-कौन कर सकता है अप्लाई, जानिए कैसे उठाए लाभ?
यह लेख पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को मिलने वाले Rupay क्रेडिट कार्ड की जानकारी देता है। यह कार्ड UPI से लिंक हो सकता है।

सरकार दे रही है UPI Linked क्रेडिट कार्ड (ai photo)
HighLights
पीएम स्वनिधि Rupay क्रेडिट कार्ड स्ट्रीट वेंडर्स के लिए।
UPI से लिंक, ₹30,000 तक की क्रेडिट लिमिट।
20-50 दिन तक ब्याज-मुक्त क्रेडिट सुविधा उपलब्ध।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: आज के समय में सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जाती हैं। लेकिन हर योजना का पात्र हर इंसान नहीं बन सकता। सरकार योजना जरूरतमंद लोगों के लिए चलाती है ताकि वे अपनी रोजमर्रा की जरूरत पूरी कर सकें। ऐसे में केंद्र सरकार की ओर से छोटे कारोबारियों और रेहड़ी-पटरी वालों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए पीएम स्वनिधि योजना (PM SVANidhi Yojana) चलाई जा रही है।
इस योजना के तहत पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को अब ₹30,000 तक की लिमिट वाला Rupay credit card भी दिया जा रहा है। खास बात यह है कि इस कार्ड को UPI से लिंक किया जा सकता है। यानी दुकानदार बिना कैश के भी अपनी क्रेडिट लिमिट का इस्तेमाल डिजिटल पेमेंट के लिए कर सकेंगे। कार्ड पर बैंक की शर्तों के मुताबिक 20 से 50 दिन तक ब्याज-मुक्त क्रेडिट की सुविधा भी मिलेगी।
तीन किस्तों में मिलता है पैसा
पीएम स्वनिधि योजना की शुरुआत कोरोना महामारी के दौरान रेहड़ी-पटरी पर दुकान लगाने वाले छोटे कारोबारियों की मदद के लिए की गई थी। इस योजना के तहत लाभार्थियों को बिना किसी गारंटी के 3 चरणों में लोन दिया जाता है।
- पहली किस्त में अधिकतम ₹15,000 तक का लोन मिलता है।
- दूसरी किस्त में ₹25,000 तक का लोन दिया जाता है।
- तीसरी किस्त में ₹50,000 तक का लोन लेने की सुविधा है।
इसके अलावा पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड दिया जाता है। इसकी अधिकतम क्रेडिट लिमिट ₹30,000 है। हालांकि, शुरुआत में कार्ड इस्तेमाल करने की लिमिट ₹10,000 रखी जाती है। कार्ड का सही इस्तेमाल करने और समय पर भुगतान करने पर इसे धीरे-धीरे बढ़ाकर ₹30,000 तक किया जा सकता है।
UPI से कर सकेंगे भुगतान, पांच साल होगी वैलिडिटी
इस क्रेडिट कार्ड की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे लाभार्थी की UPI ID से जोड़ा जा सकता है। इससे दुकानदार अपनी क्रेडिट लिमिट के जरिए UPI पेमेंट कर सकेंगे। कार्ड जारी करने वाले बैंक की पॉलिसी के अनुसार 20 से 50 दिनों तक ब्याज-मुक्त क्रेडिट की सुविधा मिलेगी।
इस कार्ड के लिए जॉइनिंग, एनरोलमेंट, एक्टिवेशन और सालाना रिन्यूअल चार्ज नहीं देना होगा। यानी यह लाइफटाइम फ्री क्रेडिट कार्ड होगा। कार्ड जारी होने की तारीख से पांच साल तक वैलिड रहेगा। हालांकि, तय समय पर भुगतान नहीं करने पर बकाया रकम पर ब्याज और अन्य शुल्क बैंक के नियमों के मुताबिक लग सकते हैं। ₹500 तक के बकाये पर लेट पेमेंट पेनाल्टी नहीं लगेगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड (PM SVANidhi credit card) के लिए आवेदन करने वाले व्यक्ति की उम्र 21 से 65 साल के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदक का किसी बैंक या वित्तीय संस्थान में अकाउंट NPA या राइट-ऑफ नहीं होना चाहिए। राहत की बात यह है कि इसके लिए न्यूनतम क्रेडिट स्कोर की कोई अनिवार्य शर्त नहीं रखी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।