शेयर बाजार आज: इन ग्लोबल संकेतों के बीच आज सेंसेक्स-निफ्टी में आएगी गिरावट? WIPRO समेत किन शेयरों पर रखें नजर
भारतीय शेयर बाजार आज वैश्विक संकेतों और अमेरिका-ईरान शांति उम्मीदों के बीच गिरावट के साथ खुल सकता है। गुरुवार को सेंसेक्स और निफ्टी में मुनाफावसूली दे ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नई दिल्ली। अमेरिका-ईरान युद्ध के जल्द खत्म होने की उम्मीदों और मिले-जुले ग्लोबल संकेतों के बीच, आज शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) के गिरावट के साथ खुलने की संभावना है।
गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में मुनाफावसूली देखने को मिली थी। सेंसेक्स 122.56 अंक (0.16%) गिरकर 77,988.68 पर और निफ्टी 34.55 अंक (0.14%) की गिरावट के साथ 24,196.75 पर बंद हुआ था। आइए जानते हैं आज बाजार के लिए कैसे संकेत हैं और किन शेयरों पर फोकस रहेगा।
क्या आज गिरावट के साथ खुलेगा बाजार?
गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) के रुझान भी आज कमजोर शुरुआत की ओर इशारा कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी अपने पिछले बंद के मुकाबले लगभग 56 अंकों की गिरावट (डिस्काउंट) के साथ 24,140 के स्तर के आसपास कारोबार कर रहा है। इससे संकेत मिलता है कि भारतीय बाजार आज लाल निशान में खुल सकते हैं।
ग्लोबल मार्केट से कैसे मिल रहे हैं संकेत?
अमेरिका-ईरान युद्ध के मोर्चे पर आ रही सकारात्मक खबरों के बीच ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत हैं:
एशियाई बाजार: अमेरिका-ईरान तनाव को लेकर सतर्कता के चलते आज एशियाई बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। जापान का निक्केई 225 0.7% और टॉपिक्स 0.62% गिर गया। दक्षिण कोरिया के कोस्पी और कोसडैक में भी कमजोरी दिखी।
यह भी पढ़ें- Akshaya Tritiya: गोल्ड ज्वैलरी में लिखें 999, 995, 916, 585 नंबर का क्या मतलब होता है, किस कैरेट में कितना सोना?
अमेरिकी बाजार
अमेरिकी बाजार गुरुवार को तेजी के साथ बंद हुए। नैस्डैक (Nasdaq) और एसएंडपी 500 (S&P 500) ने इंट्राडे रिकॉर्ड हाई छुआ। नैस्डैक में लगातार 12वें सत्र में तेजी रही, जो जुलाई 2009 के बाद इसकी सबसे लंबी 'विनिंग स्ट्रीक' है।
लेबनान और इजरायल के बीच 10 दिन का युद्धविराम लागू हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने संकेत दिया है कि अमेरिका और ईरान के बीच इस वीकेंड बैठक हो सकती है। इस शांति समझौते की उम्मीद में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में गिरावट आई है और ब्रेंट क्रूड 98.05 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। वहीं, सोने की कीमतें (Gold Rate) 4,790.61 डॉलर प्रति औंस पर लगभग स्थिर हैं।
बाजार के जानकारों की निवेशकों को क्या है सलाह?
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के एसवीपी (रिसर्च) अजीत मिश्रा का कहना है, “हम निफ्टी 50 पर अपना सकारात्मक नजरिया बरकरार रखते हैं और 'बाय ऑन डिप्स' (गिरावट पर खरीदारी) की सलाह देते हैं। निवेशकों को सेक्टोरल ट्रेंड्स के आधार पर सही शेयरों का चुनाव करना चाहिए। साथ ही, बाजार की दिशा समझने के लिए कंपनियों के तिमाही नतीजों और जियोपॉलिटिकल संकेतों पर भी पैनी नजर रखनी चाहिए।”
आज किन कंपनियों के शेयरों पर रहेगी निवेशकों की नजर?
विप्रो
आईटी दिग्गज विप्रो (Wipro) का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट चौथी तिमाही में 2% गिरकर 3502 करोड़ रुपये रहा है, जबकि रेवेन्यू 8% बढ़कर 24,236 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी के बोर्ड ने 250 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 15,000 करोड़ रुपये के भारी-भरकम शेयर बायबैक को भी मंजूरी दी है।
एंजेल वन (Angel One)
कंपनी ने मार्च तिमाही में शानदार मुनाफा दर्ज किया है। मजबूत क्लाइंट एक्टिविटी के चलते कंपनी का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) सालाना आधार पर 84% बढ़कर 320 करोड़ रुपये हो गया है।
सीईएससी
कंपनी ने हाइब्रिड पावर प्रोजेक्ट्स (विंड-सोलर) से बिजली खरीद के लिए चार कंपनियों के साथ पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) साइन किए हैं।
रेल विकास निगम
रेल विकास निगम (RVNL) कंपनी 967.92 करोड़ रुपये के एक बड़े प्रोजेक्ट (भद्राक-विजयनगरम सेक्शन) के निर्माण के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली (L1) कंपनी बनकर उभरी है।
एक्सिस बैंक
एक्सिस बैंक (Axis Bank) का बोर्ड 25 अप्रैल को इक्विटी शेयर या अन्य इंस्ट्रूमेंट्स के जरिए फंड जुटाने के विकल्पों पर विचार करेगा।
कल्याणी स्टील्स (Kalyani Steels)
कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) बाल मुकुंद माहेश्वरी ने इस्तीफा दे दिया है, जो 8 मई से प्रभावी होगा।
आज आएंगे इन कंपनियों के नतीजे
आज जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (Jio Financial Services), बजाज कंज्यूमर केयर, आदित्य बिड़ला मनी, मैस्टेक और हैथवे केबल समेत कई कंपनियों के तिमाही नतीजे जारी होने वाले हैं।
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।