छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सर्विस राइफल साफ करते समय गलती से चली गोली, CISF हेड कांस्टेबल की मौत
दंतेवाड़ा में बैलाडिला पहाड़ियों पर स्थित एनएमडीसी खदान क्षेत्र में सर्विस राइफल साफ करते समय गोली चलने से सीआईएसएफ के हेड कांस्टेबल दत्तात्रेय की मौत हो गई।

छत्तीसगढ़ में CISF जवान की मौत।
HighLights
दंतेवाड़ा में सर्विस राइफल साफ करते समय हादसा हुआ।
सीआईएसएफ हेड कांस्टेबल दत्तात्रेय की गोली लगने से मौत।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू की, फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। यहां बैलाडिला पहाड़ियों पर स्थित एनएमडीसी (NMDC) लौह अयस्क खदान क्षेत्र में CISF के एक हेड कांस्टेबल की सर्विस राइफल साफ करते समय अचानक गोली चल जाने के कारण मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे बचेली कैंप क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक पोर्टाकेबिन पोस्ट पर हुआ। मृतक की पहचान 50 वर्षीय हेड कांस्टेबल दत्तात्रेय के रूप में हुई है, जो मूल रूप से महाराष्ट्र के अहिल्यानगर के रहने वाले थे। सीआईएसएफ के इन जवानों को किरंदुल और बचेली में एनएमडीसी की खदानों की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है।
अपनी एके-47 राइफल साफ कर रहे थे कांस्टेबल
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हेड कांस्टेबल दत्तात्रेय अपनी एके-47 राइफल की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक राइफल से दो राउंड गोलियां चल गईं, जो सीधे उन्हें जा लगीं और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मिली जानकारी के अनुसार हादसे के तुरंत बाद उन्हें बचेली स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उनके शव को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकता के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल भेजा गया।
बचेली पहुंचे परिवार वाले
घटना की सूचना मिलते ही उनके परिवार के लोग भी बचेली पहुंच चुके हैं। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग के सटीक कारणों का पता फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
