तेंदुलकर नहीं विराट कोहली को बताया था महान! बयान पर बवाल बढ़ते ही एबी डी विलियर्स ने दी सफाई
एबी डी विलियर्स ने विराट कोहली को सचिन तेंदुलकर से बेहतर बताने वाले अपने बयान पर स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा कि यह उनकी निजी राय थी और वे सिर्फ आंकड़ों पर भरोसा नहीं करते, कोहली ने अच्छा खेल दिखाया।

सचिन तेंदुलकर-विराट कोहली

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर एबी डी विलियर्स अपने उस बयान पर स्पष्टीकरण दिया है, जिसमें उन्होंने विराट कोहली को सचिन तेंदुलकर से बेहतर बताया था। डी विलियर्स का कहना था कि विदेशी सरजमीं, खासकर सेना (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में सचिन से विराट बेहतर थे। हालांकि, आंकड़े सचिन को बेहतर बताते हैं।
पूर्व अफ्रीकी खिलाड़ी के बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हुई। अब उन्होंने इसको लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। डी विलियर्स का कहना है कि भले ही कोहली के आंकड़े विदेशी सरजमीं पर बेहतर नहीं हैं लेकिन उन्होंने अच्छा खेल दिखाया। उन्होंने ये भी माना वे सिर्फ आंकड़ों पर भरोसा नहीं करते हैं। उन्होंने कोहली के आत्मविश्वास की भी जमकर तारीफ की।
एबी डी विलियर्स ने की थी तुलना
डी विलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए भारत के दो दिग्गजों की तुलना की थी। उन्होंने कहा, "मुझे अच्छी तरह से याद है, वो तेंदुलकर थे, जिन्होंने भारत के लिए ये चलन शुरू किया। हालांकि, विराट कोहली जितने वे मजबूत नहीं थे और कोहली उनसे भी बेहतर थे। सचिन पहले खिलाड़ी थे, जिन्होंने दिखाया कि उपमहाद्वीप के बल्लेबाज भी उछाल भरी और सीमिंग पिचों पर अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। विराट ने इसे आगे बढ़ाया और उस स्तर को और भी ऊंचा कर दिया। अब इसी चलन को केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल जैसे बल्लेबाज आगे बढ़ा रहे हैं। वे विराट और सचिन के नक्शेदम पर चल रहे हैं।"
डी विलियर्स ने दी सफाई
पूर्व महान बल्लेबाज को अपने इस बयान के कारण आलोचना झेलनी पड़ी, जिसको लेकर उन्होंने सफाई दी है। मिस्टर 360 के नाम से मशहूर इस दिग्गज ने कहा, "सचिन और विराट पर मेरी टिप्पणी को लेकर थोड़ी गलतफहमी हो गई। ये सिर्फ मेरी राय है। मैं किसी की आलोचना नहीं कर रहा हूं बल्कि वही कह रहा हूं, जो मुझे सही लगता है। सचिन ने भारत ने चीजों को आगे बढ़ाया, उन्होंने दिखाया कि दुनिया भर में अच्छा प्रदर्शन किया जा सकता है। मैंने कहा था कि विराट ने शॉर्ट बॉल पर अपनी महारत से भारतीय बल्लेबाजों को एक अलग गति दिखाई।"
SENA देशों में विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर के आंकड़े
सेना देशों में विराट और तेंदुलकर के आंकड़ों पर नजर डालें, तो पूर्व महान बल्लेबाज कहीं बेहतर दिखाई देते हैं। सचिन ने सेना देशों में 63 मैचों में खेलते हुए 51.30 की औसत के साथ 5,387 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 17 शतक और 23 अर्धशतक लगाए। विराट ने 48 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 41.54 की औसत के साथ 3781 रन बनाए हैं।
