किंग कोहली का विकेट और पूरा हुआ सपना! स्पिनर विप्रज निगम ने सुनाई अपनी दिलचस्प कहानी
IPL मंच ही ऐसा है, जहां रातों-रात युवा खिलाड़ी स्टार बन जाते हैं। दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए खेलने वाले स्पिनर विप्रज निगम की कहानी भी कुछ ऐसी ही है ...और पढ़ें

विप्रज निगम
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मंच ही ऐसा है, जहां रातों-रात युवा खिलाड़ी स्टार बन जाते हैं। दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए खेलने वाले स्पिनर विप्रज निगम की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। पिछले सीजन डेब्यू करने वाले विप्रज अब कप्तान अक्षर पटेल और कुलदीप यादव के साथ मिलकर स्पिन गेंदबाजी की एक बेहद खतरनाक तिकड़ी का हिस्सा बन चुके हैं।
आरसीबी (RCB) के खिलाफ 'राइवलरी वीक' के रोमांचक महामुकाबले से पहले जियोस्टार पर बातचीत में विप्रज ने अपने अब तक के शानदार सफर, टीम के सपोर्ट और विराट कोहली के खिलाफ अपनी खास रणनीति पर खुलकर बात की।
नया सीखने को मिला
अपने खेल में आए सुधार के बारे में बात करते हुए विप्रज ने बताया कि पिछले एक साल में उन्होंने खुद में काफी सकारात्मक बदलाव महसूस किए हैं। आईपीएल के अपने पहले सीजन से उन्होंने जो भी बारीकियां सीखीं, उसे उत्तर प्रदेश के लिए पूरे घरेलू सीजन में जमकर आजमाया।
इसके अलावा, 'इंडिया ए' के लिए खेलना उनके लिए किसी बड़े स्कूल में जाने जैसा रहा। वहां नए खिलाड़ियों और इंटरनेशनल लेवल के दिग्गजों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने से उन्हें बहुत कुछ नया सीखने को मिला। वहां के तजुर्बे को वह इस बार आईपीएल के अभ्यास सत्रों और मैचों में पूरी तरह लागू कर रहे हैं।
इन लोगों की तारीफ की
विप्रज ने कप्तान अक्षर पटेल, केएल राहुल और दिल्ली के पूरे कोचिंग स्टाफ की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि टीम में कभी किसी ने उन्हें नया या कम अनुभवी नहीं समझा। जब भी उन पर दबाव होता है तो टीम के सीनियर खिलाड़ी हमेशा उनका हौसला बढ़ाते हैं। अगर उनके मन में अपनी गेंदबाजी को लेकर कोई भी शंका होती है, तो वे बेझिझक अपने सीनियर्स के पास जा सकते हैं। इस भरोसे ने उन्हें मैदान पर और भी ज्यादा निडर और सक्रिय बना दिया है।
कोहली के खिलाफ क्या है मास्टरप्लान?
क्रिकेट के मैदान पर जब सामने विराट कोहली हों, तो अच्छे-अच्छे गेंदबाजों के पसीने छूट जाते हैं। विप्रज भी इस बात को अच्छी तरह समझते हैं कि विराट जैसे विश्व स्तरीय बल्लेबाज के सामने थोड़ी सी भी गलती का मतलब है सीधे बाउंड्री। उनकी रणनीति एकदम साफ है, चीजों को सिंपल रखना।
विप्रज का मानना है कि ऐसे दिग्गजों के खिलाफ आपकी प्लानिंग में लचीलापन होना बहुत जरूरी है, क्योंकि मैच के दबाव में पहले से तय की गई सारी रणनीतियां धरी की धरी रह सकती हैं। उनका लक्ष्य यही रहेगा कि जो तरकीबें अब तक काम आई हैं, उन्हीं पर टिके रहें और कोहली को कम से कम रन पर आउट करें।
विराट का विकेट चटकाया
पिछले सीजन में विराट कोहली का विकेट लेना विप्रज के लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने मैच से पहले ही विराट को आउट करने की ख्वाहिश जताई थी और अगले ही मैच में यह कमाल हो गया। मैच के बाद वह तुरंत विराट से मिलने पहुंचे और उनसे क्रिकेट के बदलते रूप और अपनी गेंदबाजी को और धारदार बनाने के टिप्स मांगे।
विराट ने उन्हें बेहद खास सलाह देते हुए कहा कि अपने बुनियादी हुनर में ज्यादा बदलाव करने की जरूरत नहीं है, बस हमेशा नई चीजें सीखते रहो और खुद को टी20 क्रिकेट के आधुनिक रूप के हिसाब से लगातार बेहतर बनाते रहो।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।