नो-बॉल की समस्या से परेशान टीम इंडिया के कोच, टेस्ट क्रिकेट में फ्री-हिट नियम लागू करने की उठाई मांग
भारतीय स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने कोलंबो टेस्ट में स्पिनरों द्वारा फेंकी गई नो-बॉल पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए टेस्ट क्रिकेट में सफेद गेंद के प्रारूप की तरह फ्री-हिट लागू करने का सुझाव दिया।

भारतीय क्रिकेट टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, कोलंबो। भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने कोलंबो टेस्ट में भारतीय स्पिनरों की नोबॉल फेंकने पर चिंता जताई। बहुतुले ने बुधवार का खेल खत्म होने के बाद प्रेस कान्फ्रेंस में कहा, यह ऐसी चीज है जिस पर हम काम कर रहे हैं। यह निश्चित रूप से कभी-कभी चिंता का विषय होती है।
उनका कहना है कि जब गेंदबाज काफी प्रयास कर रहा होता है और ऐसी स्थिति में विकेट हासिल करता है जब विकेट मिलना मुश्किल हो, तो उसमें खुद को और अधिक झोंकने की प्रवृत्ति होती है। हालांकि यह इसका बहाना नहीं है। हमने रवींद्र जडेजा और सारांश जैन के साथ इस बात पर काफी काम किया है कि गेंद डालने के लिए उनका टेक ऑफ प्वाइंट कहां होना चाहिए। लेकिन कभी-कभी किसी खास गेंद पर वे थोड़ा ज्यादा प्रयास करते हैं और क्रीज से आगे निकल जाते हैं। मुझे यकीन है कि वे इसमें सुधार करेंगे और बेहतर होंगे।
साईराज बहुतुले ने दिया सुझाव
बहुतुले ने नोबॉल की समस्या के समाधान के लिए टेस्ट क्रिकेट में सफेद गेंद के प्रारूप की तरह फ्रीहिट देने का सुझाव दिया। हालांकि उन्होंने यह बात कुछ हद तक मजाकिया अंदाज में कही। उन्होंने कहा, मैं नियमों का संरक्षक नहीं हूं लेकिन अगर फ्रीहिट आती है तो निश्चित रूप से नो बाल की संख्या कम हो जाएगी।
गेंदबाजों को नेट्स में भी लगातार याद दिलाया जाता है: बहुतुले
उन्होंने आगे कहा कि कोई भी टीम नोबाल करके अतिरिक्त गेंद और अतिरिक्त रन नहीं देना चाहेगी। यह पूछे जाने पर कि नोबॉल की समस्या को सुधारने के लिए अभ्यास के दौरान गेंदबाज और सहयोगी स्टाफ कितनी गंभीरता से काम कर रहे हैं, बहुतुले ने कहा कि नेट सत्र में भी गेंदबाजों को लगातार याद दिलाया जाता है।
