IPL 2027 के ऑक्शन में बोली लगाते दिखेंगे एमएस धोनी? इरफान पठान ने बताई माही की भूमिका
एमएस धोनी ने आईपीएल से संन्यास लेकर चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटर की भूमिका संभाली है। इरफान पठान ने स्पष्ट किया कि धोनी ऑक्शन टेबल पर नहीं बैठेंगे, बल्कि खिलाड़ियों को गाइड करेंगे और अपना अनुभव साझा करेंगे।

एमएस धोनी-इरफान पठान

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने आईपीएल से संन्यास की घोषणा कर दी है। धोनी ने आईपीएल 2027 की रिटेंशन लिस्ट सामने आने से पहले अपने रिटायरमेंट का एलान किया। वे आगामी सीजन में मेंटर की भूमिका निभाएंगे। धोनी का काम अब खिलाड़ियों को गाइड करना होगा। ऐसे में भारत के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी इरफान पठान ने धोनी की भूमिका पर बात की है।
पठान का मानना है कि धोनी ऑक्शन टेबल पर नहीं बैठेंगे। पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने माना कि वे मेंटर हैं और उनका काम खिलाड़ियों को गाइड करना है, न कि ऑक्शन टेबल पर बैठना। वे अपना अनुभव साझा करेंगे और ये बताने की कोशिश करेंगे कि सीएसके कैसे मैच जीत सकती है। गौरतलब हो कि धोनी के कप्तानी छोड़ने के बाद चेन्नई एक भी बार प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी है।
इरफान पठान ने एमएस धोनी पर की बात
जियोस्टार पर टाटा आईपीएल 2027 के रिटेंशन स्पेशल प्रोग्राम में बात करते हुए पठान ने अपनी राय दी। उन्होंने कहा, "धोनी को देखते हुए मुझे नहीं लगता है कि वो ऑक्शन टेबल पर बैठेंगे। वो मेंटर हैं और ऑक्शन टेबल पर बैठना उनका काम नहीं है। उनका काम खिलाड़ियों को गाइड करना, अपना अनुभव साझा करना, उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने मदद करना और ये सिखाना है कि सीएसके मैच कैसे जीत सकती है। नीलामी में बोली लगाने और ऑक्शन से जुड़े फैसले मैनेजमेंट पर छोड़ दिए जाते हैं।"
पठान ने आगे कहा, "धोनी चीजों को सरल रखना पसंद करते हैं। जो लोग उन्हें अच्छे से जानते हैं, वे उन्हें अपना काम करने देते हैं। सीएसके के पास एक मजबूत मैनेजमेंट और थिंक टैंक है, जिसने सालों से ऐसी टीम तैयार की है, जो खिताब जीतती आई है। धोनी ने हमेशा उन पर पूरा भरोसा किया है। वे कभी भी ऐसे इंसान नहीं रहे, जो लाइमलाइट लेना चाहें और मैदान के बाहर चीजों का क्रेडिट लेना चाहें।"
आईपीएल 2027 में वापसी करना चाहेगी चेन्नई
धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने आखिरी बार 2023 में खिताब अपने नाम किया था। उसके बाद माही ने कप्तानी छोड़ दी और बागडोर ऋतुराज गायकवाड़ ने संभाली। आईपीएल 2024, 2025 और 2026 में सीएसके प्लेऑफ में भी क्वालीफाई नहीं कर सकी। ऐसे में धोनी की मेंटरशिप में चेन्नई आगामी सीजन में वापसी करना चाहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।