रोमारियो शेफर्ड ने स्कॉटलैंड के खिलाफ हैट्रिक लेकर मचाया तहलका, ऐसा करने वाले बने पहले गेंदबाज
रोमारियो शेफर्ड ने स्कॉटलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप में ऐतिहासिक हैट्रिक लेकर वेस्टइंडीज को 35 रनों से जीत दिलाई। वह टी20 विश्व कप में हैट्रिक लेने वा ...और पढ़ें

रोमारियो शेफर्ड की हैट्रिक
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने स्कॉटलैंड के खिलाफ हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया है। शेफर्ड वेस्टइंडीज के पहले ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में हैट्रिक ली है। उन्होंने मुकाबले में कुल 5 विकेट अपने नाम किए, जिससे स्कॉटलैंड को मैच में 35 रनों से हार का सामना करना पड़ा। रोमारियो ने एक ही ओवर में 4 विकेट हासिल कर स्कॉटलैंड की कमर तोड़ दी।
शेफर्ड दुनिया के 10वें ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में हैट्रिक अपने नाम की है। वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन में खेला गया। इस मुकाबले में विंडीज के लिए बल्लेबाजी में पहले शिमरन हेटमायर ने कमाल दिखाया और फिर शेफर्ड की हैट्रिक ने स्कॉटलैंड को मुकाबले से पूरी तरह बाहर कर दिया।
रोमारियो शेफर्ड ने ली हैट्रिक
कप्तान शाई होप ने स्कॉटलैंड के 17वें ओवर में गेंद रोमारियो शेफर्ड को थमाई। शेफर्ड के इस ओवर की पहली गेंद पर मार्क वॉट ने एक रन लिया। इसके बाद दूसरी गेंद पर शेफर्ड ने मैथ्यू क्रॉस को अपना शिकार बनाया। इसके बाद तीसरी गेंद पर माइकल लीस्क को आउट किया। तो वहीं चौथी गेंद पर ओलिवर डेविडसन को पवेलियन भेजकर अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर सफयान शरीफ को आउट कर एक ही ओवर में 4 विकेट हासिल कर लिए और मुकाबले को पूरी तरह से पलट दिया।
वेस्टइंडीज के मात्र दूसरे गेंदबाज
शेफर्ड वेस्टइंडीज के ऐसे दूसरे गेंदबाज हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी एक मैच में 5 विकेट हासिल किए हैं। इससे पहले अकील हुसैन ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में युगांडा के खिलाफ खेलते हुए 4 ओवर में 11 रन देते हुए 5 विकेट अपने नाम किए थे।
वेस्टइंडीज की मुकाबले में जीत
इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए थे। विंडीज के लिए शिमरन हेटमायर ने कमाल की बैटिंग करते हुए 36 गेंदों पर 64 रनों की पारी खेली। इसके बाद गेंदबाजी में शेफर्ड ने 3 ओवर में 20 रन खर्च करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। इसी के साथ वेस्टइंडीज ने इस मैच में 35 रनों से जीत हासिल की और टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।