विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंजुम चोपड़ा ने भारत को खिताब का प्रबल दावेदार बताया, दुबई में आज से होगी महिला एशिया कप की शुरुआत

Updated: Fri, 28 Aug 2026 06:00 AM (IST)

महिला एशिया कप की शुरुआत शुक्रवार से होगी, जिसमें हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम आठवीं बार ट्रॉफी जीतने उतरेगी।

महिला एशिया कप

महिला एशिया कप

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

खेल संवाददाता, नई दिल्ली। महिला एशिया कप की शुरुआत शुक्रवार से होगी, जिसमें हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम आठवीं बार ट्रॉफी जीतने उतरेगी। भारतीय टीम 30 अगस्त को थाइलैंड के विरुद्ध अभियान की शुरुआत करेगी और पांच सितंबर को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी।

पूर्व भारतीय कप्तान अंजुम चोपड़ा ने भारत को खिताब का प्रबल दावेदार बताया और कहा कि भारत-पाकिस्तान के मुकाबले में दबाव अलग तरह का होता है। एशिया कप का प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। अंजुम चोपड़ा ने दैनिक जागरण के प्रश्न पर कहा, भारत-पाकिस्तान मैच में दबाव हर दूसरे मुकाबले से अलग होता है। हालांकि, उन्होंने इसे सिर्फ दबाव नहीं बल्कि खुद से पैदा किया गया अतिरिक्त दबाव बताया।

अंजुम ने कहा कि हर मैच में दबाव होता है, लेकिन भारत और पाकिस्तान के मुकाबले में खिलाड़ियों पर एक अलग तरह का ‘सेल्फ-एक्सपेक्टेड प्रेशर’ होता है। खिलाड़ी जानते हैं कि इस मुकाबले में उनसे किसी भी स्तर पर चूक की उम्मीद नहीं की जाती। यही सोच उन्हें अतिरिक्त सतर्क और ज्यादा तेज बनाती है। आप किसी ऐसी चीज में गलती नहीं करना चाहते, जहां आपको लगता है कि आपको बिल्कुल नहीं चूकना चाहिए। यही चीज अतिरिक्त दबाव और अतिरिक्त सतर्कता लेकर आती है।

अंजुम के मुताबिक यह स्थिति सिर्फ भारतीय टीम के साथ नहीं है, बल्कि पाकिस्तान के खिलाड़ी भी इसी तरह के दबाव का सामना करते हैं। दोनों टीमें मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहती हैं और मुकाबले में छोटी-सी गलती भी भारी पड़ सकती है। उन्होंने भारत को पाकिस्तान समेत किसी भी एशियाई टीम को हल्के में नहीं लेने की सलाह दी।

अंजुम ने कहा कि कागज पर किसी टीम की ताकत या अनुभव देखकर मुकाबले का आकलन नहीं किया जा सकता। मैदान पर परिस्थितियां अलग हो सकती हैं। भारत-पाकिस्तान मुकाबले के दबाव को लेकर अंजुम ने बेहद दिलचस्प अंदाज में कहा कि दोनों टीमें अच्छा करना चाहती हैं, लेकिन जो आखिरी तक नहीं झपकेगा, वही जीतेगा। भारत की मौजूदा टीम को एशिया कप का मजबूत दावेदार बताते हुए अंजुम ने यह भी कहा कि टीम को हर मुकाबले में पूरी गंभीरता और सही क्रिकेट के साथ उतरना होगा।