विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिता के बाद अब बेटी का जलवा, गौतम गंभीर की लाडली आजीन बनीं 'फिट इंडिया मूवमेंट' की सबसे युवा ब्रांड एंबेसडर

Updated: Sun, 30 Aug 2026 02:41 PM (IST)

'संडेज ऑन साइकिल' कार्यक्रम के 88वें संस्करण में एक बेहद गर्व और भावुक कर देने वाला पल देखने को मिला।

खेल मंत्री, गौतम गंभीर और आजीन

खेल मंत्री, गौतम गंभीर और आजीन

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आज, रविवार 30 अगस्‍त को BRICS के सहयोग से आयोजित 'संडेज ऑन साइकिल' (Sundays on Cycle) कार्यक्रम के 88वें संस्करण में एक बेहद गर्व और भावुक कर देने वाला पल देखने को मिला। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर की 12 वर्षीय बड़ी बेटी आजीन गंभीर को 'फिट इंडिया एंबेसडर' की उपाधि से नवाजा गया।

खेल मंत्री ने दिया सम्‍मान

केंद्रीय खेल और युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया ने आजीन को इस खास सम्मान से पुरस्कृत किया। आजीन 'फिट इंडिया मूवमेंट' की सबसे युवा ब्रांड एंबेसडर बनीं। इस मौके पर खुद गौतम गंभीर भी मौजूद रहे। एक पिता के रूप में यह उनके लिए एक बेहद गौरवशाली क्षण था। कार्यक्रम के 'नेशनल स्पोर्ट्स डे' एडिशन में खेल मंत्री, कोच गौतम गंभीर के अलावा पहलवान संग्राम सिंह और एक्टर मधुरिमा तुली ने प्रतिभागियों का नेतृत्व किया।

 

 

युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने की पहल

आजीन को यह अहम जिम्मेदारी युवाओं और आम लोगों के बीच एक स्वस्थ व सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दी गई है। यह सम्मान इसलिए भी खास है क्योंकि आजीन के पिता गंभीर हमेशा से क्रिकेट के मैदान पर अपने कड़े अनुशासन और बेहतरीन फिटनेस के लिए जाने जाते रहे हैं। गंभीर की कोचिंग में ही हाल ही में टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया था। साथ ही पिछले वर्ष चैंपियंस ट्रॉफी पर भी ऐतिहासिक कब्जा जमाया था।

गौतम गंभीर का परिवार

भारतीय दिग्गज गौतम गंभीर 28 अक्टूबर 2011 को नताशा जैन के साथ विवाह बंधन में बंधे थे। इस कपल ने 1 मई 2014 को अपनी पहली बेटी आजीन का स्वागत किया था। इसके बाद साल 2017 में उनकी छोटी बेटी अनाइजा का जन्म हुआ।

खुशी हो रही है

डॉ. मांडविया ने कहा कि इस 88वें संस्करण का खास महत्व है क्योंकि भारत 12-13 सितंबर को भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। उन्होंने कहा, "इस हफ्ते का संस्करण ब्रिक्स के उन सम्मानित अतिथियों और सदस्यों को समर्पित है जो 12 और 13 तारीख को होने वाले शिखर सम्मेलन का हिस्सा बनेंगे। हमें आज उनका स्वागत करते हुए खुशी हो रही है।"

एक बेहतरीन पहल है

गौतम गंभीर ने कहा, "सरकार की ओर से 'फिट इंडिया' के लिए आयोजित यह कार्यक्रम एक बेहतरीन पहल है। मेरा मानना है कि भारत जितना फिट रहेगा, उतना ही मजबूत और आत्मनिर्भर बनेगा। इसलिए, हमें इसे सिर्फ एक कार्यक्रम के तौर पर नहीं, बल्कि एक आंदोलन के तौर पर देखना चाहिए। यह हमारी जिम्मेदारी है, खासकर इस कार्यक्रम में मौजूद युवाओं की, कि हम इसे एक आंदोलन का रूप दें और यह पक्का करें कि हमारे युवा और बाकी सभी लोग फिट रहें, जिससे देश और भी फिट और मजबूत बने।"

क्या है 'संडेज ऑन साइकिल' अभियान?

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में जुटे सैकड़ों लोगों ने साइकिलिंग के जरिए देश को फिटनेस का कड़ा संदेश दिया।

कब हुई शुरुआत

इस खास पहल का आगाज दिसंबर 2024 में केंद्रीय खेल और युवा मामलों के मंत्रालय द्वारा किया गया था।

क्या है मुख्य उद्देश्य

इस अभियान का लक्ष्य लोगों को रविवार की सुबह घरों से बाहर निकलकर साइकिल चलाने और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।

बना जनआंदोलन

अब तक इसके 88 संस्करण सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, जो यह दर्शाता है कि फिटनेस का यह अभियान अब एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले चुका है।

यह भी पढ़ें- Gautam Gambhir से भिड़ने वाले ग्राउंड्समैन ने खड़ा किया नया बखेड़ा, इस बार मिली कड़ी सजा

यह भी पढ़ें- IND vs SL: 'सिर्फ स्पिनरों के लिए पिच...', भारत को निराश करने के बाद श्रीलंकाई कोच गैरी कर्स्टन ने कही गंभीर को चुभने वाली बात!