भारत-पाकिस्तान के बीच खेली जाएगी सीरीज? PCB की तीन मांगों पर ICC का जवाब आया सामने
आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज और त्रिकोणीय सीरीज शुरू करने की मांगें खारिज कर दी हैं। पीसीबी अध्यक्ष मोहस ...और पढ़ें

ICC का जवाब आया सामने
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी की उन मांगों को आईसीसी ने ठुकरा दिया है, जिसमें उन्होंने भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने की मांग की थी। पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार करने के बाद पुनर्विचार करते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के सामने कई मांगे रखी थी, जिसमें भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय सीरीज शुरु करने की मांग थी।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के द्वारा मैच के बहिष्कार के एलान के बाद से ही उन्हें अपने फैसले पर दोबारा से विचार करने की सलाह आईसीसी की तरफ से दी गई थी। इस विवाद को सुलझाने के लिए आईसीसी के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा भी लाहौर पहुंचे थे और पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी से मुलाकात की थी। इस दौरान पाकिस्तान ने कई मांग रखी थी लेकिन अब उसे ठुकरा दिया गया है।
द्विपक्षीय सीरीज और ट्राई सीरीज की मांग खारिज
पाकिस्तान ने अपनी मांग करते हुए ख्वाजा से कहा था कि वे भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज को फिर से शुरु कराएं। इसके अलावा भारत-पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच ट्राई सीरीज भी होनी चाहिए। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक आईसीसी ने इन दोनों मांगों को खारिज कर दिया है। क्रिकेट की सर्वश्रेष्ठ बॉडी का मानना है कि द्विपक्षीय सीरीज या फिर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन में भी सीरीज कराना उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है।
बांग्लादेश के लिए पाकिस्तान की मांग
आईसीसी से पाकिस्तान ने मांग की थी कि बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा नहीं लेने की वजह से किसी भी तरह का फाइन नहीं लगाया जाना चाहिए और आईसीसी की फंडिंग से उसे अपने हिस्से का पूरा पैसा मिलना चाहिए। इसके अलावा बांग्लादेश को एक आईसीसी इवेंट की मेजबानी मिलनी चाहिए। हालांकि, इसकी तरफ से अब तक किसी भी तरह का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
आईसीसी ने दिया 24 घंटे का समय
लाहौर में पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी, बीसीबी चीफ अमीनुल इस्लाम और आईसीसी उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा के बीच 4 घंटे तक बैठक चली थी। इस बैठक के बाद पीसीबी को अपने फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है। अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से सलाह लेकर आईसीसी को अपना अंतिम निर्णय बताएगा कि वो भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले में खेल रहे या नहीं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।