IND vs USA: सूर्या के तूफान के बाद 'मियां मैजिक', यूएसए के खिलाफ ये खिलाड़ी रहे जीत के हीरो; बचा ली टीम इंडिया की लाज
कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रनों की पारी और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन से भारत ने यूएसए को 29 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड कप में अपना अभियान ज ...और पढ़ें

भारत ने यूएसए को 29 रनों से हराया
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कप्तान सूर्यकुमार यादव की धमाकेदार पारी की बदौलत भारतीय क्रिकेट टीम ने यूएसए को 29 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान का आगाज जीत के साथ किया है। टीम इंडिया इस मुकाबले में एक समय मुश्किल में दिखाई दे रही थी और भारत ने 72 रनों पर 5 विकेट गंवा दिए थे। भारतीय टीम, जो इस फॉर्मेट में 200 से बड़े स्कोर बनाने की बादशाह थी, वो आज लड़खड़ाती हुई दिखाई दी।
कप्तान सूर्या भारत की बैटिंग में संकटमोचक बनकर उभरे और टीम इंडिया को 161 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद भारत के गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया और आखिरकार मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत ने 29 रनों से जीत हासिल की। एक समय ऐसा लगा रहा था कि टीम इंडिया को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ेगा लेकिन 3 खिलाड़ी ऐसे रहे, जिन्होंने भारत की लाज बचा ली।
भारत की जीत के हीरो रहे ये 3 खिलाड़ी-
1. सूर्यकुमार यादव
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव इस मुकाबले में भारतीय टीम के संकटमोचक साबित हुए। टीम इंडिया ने एक समय पर 77 रनों पर 7 विकेट गंवा दिए थे और हार्दिका पांड्या भी पवेलियन लौट चुके थे। ऐसे में समय में सूर्या ने पारी को आगे बढ़ाया और अंत में बड़े शॉट्स खेले। भारतीय कप्तान ने इस मुकाबले में 49 गेंदों पर नाबाद 84 रनों की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
2. अक्षर पटेल
यूएसए के खिलाफ इस जीत में अक्षर पटेल ने भी अहम योगदान दिया। उन्होंने पहले बल्ले के साथ 11 गेंदों पर 14 रन बनाए और भारत की पारी को तेजी से आगे बढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद गेंदबाजी में कमाल करते हुए 4 ओवर में 24 रन खर्च करते हुए 2 विकेट अपने नाम किए, जिससे भारतीय टीम यूएसए को 132 के स्कोर तक रोक सकी।
3. मोहम्मद सिराज
हर्षित राणा की जगह टीम में आए मोहम्मद सिराज ने पहले ही मैच में कमाल कर दिखाया। वे पहले विश्व कप की टीम का हिस्सा नहीं थे लेकिन राणा के चोटिल होने के बाद वर्ल्ड कप से ठीक एक दिन पहले टीम में शामिल हुए और यूएसए के खिलाफ 3 विकेट लेकर भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।