Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    IPL 2026: पर्ची निकालकर क्रिकेटर कह रहे हैं मन की बात, कमेंटेटरों ने भी अपनाया यही अंदाज

    By Shekhar JhaEdited By: Abhishek Upadhyay
    Updated: Sun, 17 May 2026 07:52 AM (IST)

    पर्ची निकालने का चलन सबसे पहले आईपीएल 2025 में अभिषेक शर्मा ने शुरू किया था। इस सीजन इसे रघु शर्मा, उर्विल पटेल और आकाश सिंह ने जारी रखा है। ...और पढ़ें

    preferred source google
    News Article Hero Image

    आईपीएल-2026 में छाया पर्ची सेलिब्रेशन

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    शेखर झा, जागरण, नई दिल्ली: अंतिम चरण की ओर बढ़ रहे आईपीएल के इस सत्र में बल्लेबाजों ने विस्फोटक पारियां खेलते हुए कई पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त किए, जबकि गेंदबाजों ने अपनी धारदार गेंदबाजी से मैच का रुख बदल दिया लेकिन इन शानदार प्रदर्शनों के बीच खिलाड़ियों के जश्न मनाने का नया अंदाज चर्चा का विषय बना हुआ है।

    पहले खिलाड़ी अपने प्रदर्शन या भावनाओं को प्रेस कान्फ्रेंस के जरिये साझा करते थे, लेकिन अब मैदान पर ही पर्ची सेलिब्रेशन नया ट्रेंड बन चुका है। खिलाड़ी विकेट लेने या शतक जमाने के बाद जेब से हाथ से लिखी पर्ची निकालते हैं और कैमरे के सामने उसे दिखाकर अपनी खुशी जाहिर करते हैं।

    कमेंटेटर भी अपना रहे अंदाज

    इतना ही नहीं, मैच के दौरान कमेंट्री कर रहे कमेंटेटर भी इस अंदाज को अपनाते नजर आए हैं। लखनऊ-चेन्नई मुकाबले के दौरान कमेंटेटर सुनील गावस्कर, पामी बांग्वा और इयान बिशॉप कमेंट्री कर रहे थे। इस दौरान पामी बांग्वा ने जेब से पर्ची निकालकर दिखाई। आईपीएल 2026 में पर्ची सेलिब्रेशन अब सिर्फ जश्न नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की भावनाओं, संघर्ष और निजी कहानियों को दर्शाने का नया माध्यम बन चुका है।

    2025 में हुई थी पर्ची सेलिब्रेशन की शुरुआत

    आईपीएल में पर्ची सेलिब्रेशन की शुरुआत पिछले सत्र में हुई थी। सनराइजर्स हैदराबाद के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने पंजाब किंग्स के विरुद्ध तूफानी बल्लेबाजी की थी। उन्होंने सिर्फ 55 गेंदों में 141 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। शतक पूरा करने के बाद अभिषेक ने जेब से एक पर्ची निकाली, जिस पर लिखा था कि यह ऑरैंज आर्मी के लिए है। उनका यह अनोखा जश्न क्रिकेट प्रशंसकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ।

    खबरें और भी

    वहीं, इस जश्न को लेकर अभिषेक ने कहा था कि शिखर धवन ने मुझसे कहा था कि कल्पना को सच मानना बहुत जरूरी है, बस यह कल्पना करो कि तुमने वह काम पहले ही कर लिया है। इस बारे में बात करने के लिए उन्होंने मुझे अपने घर बुलाया। उन्होंने मुझसे एक डायरी में लिखना शुरू करवाया।

    रघु ने चलन को बढ़ाया आगे

    आईपीएल 2026 में पर्ची सेलिब्रेशन ट्रेंड को आगे बढ़ाने का काम रघु शर्मा ने किया। मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के विरुद्ध मुकाबले में अपने आईपीएल करियर का पहला विकेट हासिल किया। लंबे संघर्ष के बाद मिली इस सफलता के बाद रघु ने जेब से हाथ से लिखी पर्ची निकाली। उस पर्ची पर लिखा था कि राधे-राधे, 15 साल का दर्दनाक इंतजार। गुरुदेव की कृपा से आज खत्म हुआ। मौका देने के लिए मुंबई इंडियंस का शुक्रिया।

    इसके बाद उर्विल पटेल ने भी अपने अंदाज से सुर्खियां बटोरीं। चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज उर्विल ने लखनऊ के विरुद्ध केवल 13 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने अपनी पारी की शुरुआती आठ गेंदों में ही छह छक्के लगाकर तहलका मचा दिया। अर्धशतक पूरा करने के बाद उर्विल ने जो पर्ची दिखाई, उस पर लिखा था कि यह आपके लिए है पापा।

    वहीं, आकाश सिंह ने भी अपने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद पर्ची सेलिब्रेशन किया। लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज आकाश ने सीएसके के विरुद्ध मुकाबले में तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके। उन्होंने सैमसन, कप्तान ऋतुराज और उर्विल पटेल को आउट किया। विकेट लेने के बाद आकाश ने जो पर्ची दिखाई, उस पर लिखा था कि अक्की को टी-20 क्रिकेट में विकेट लेना आता है, ऐसा है ना। उनका यह अंदाज भी इंटरनेट मीडिया पर काफी वायरल हुआ।

    पर्ची सेलिब्रेशन का विरोध भी शुरू

    एक शो पर चर्चा करते हुए पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंबाती रायडू ने कहा कि मैं समझता हूं कि यह पर्ची सेलिब्रेशन हास्यास्पद है। मेरी नजर में पर्ची सेलिब्रेशन पर बैन लगना चाहिए। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर डेल स्टेन ने भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि पर्ची सेलिब्रेशन खत्म होना चाहिए, कोई भी इसे नहीं देखना चाहता है।

    यह भी पढ़ें- PBKS vs RCB Preview: पंजाब के सामने होगी बेंगलुरु की अग्निपरीक्षा, धर्मशाला में भिड़ेंगी दोनों टीमें

    यह भी पढ़ें- KKR vs GT: गुजरात के खिलाफ अर्धशतक लगाकर अंगकृष रघुवंशी ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, गंभीर-पंत के क्लब में मारी एंट्री