रोहित शर्मा IPL 2026 में कितने मैचों से रहेंगे बाहर? कप्तान हार्दिक पांड्या ने चोट पर दी ताजा अपडेट
पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले से रोहित शर्मा चोट की वजह से बाहर हो गए। उनकी चोट को लेकर कप्तान हार्दिक पांड्या ने ताजा अपडेट दिया है कि वे कब तक वापसी ...और पढ़ें

रोहित शर्मा
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा आईपीएल 2026 के दौरान चोटिल हो गए हैं। वे मुंबई के लिए पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले से बाहर हो गए हैं। एमआई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस के दौरान इसकी पुष्टि की। हार्दिक ने रोहित की चोट को लेकर अपडेट दिया है और बताया है कि वे कब तक वापसी कर सकते हैं। रोहित पिछले मैच के दौरान चोटिल हुए थे।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रोहित चोट का शिकार हुए थे। उनकी हैमिस्ट्रिंग में खिंचाव आया था, जिसकी वजह से उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था। हिटमैन 19 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए थे, जहां मुंबई को 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। अब हार्दिक ने उनकी चोट को लेकर ताजा अपडेट दिया है।
रोहित शर्मा की चोट पर हार्दिक पांड्या का बयान
पंजाब के खिलाफ मुकाबले के टॉस के दौरान हार्दिक ने कहा, रोहित शर्मा टीम से बाहर हैं। उनकी स्थिति का आकलन करने में कुछ मैच और लगेंगे। मिचेल सेंटनर भी इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं। क्विंटन डी कॉक की वापसी हुई है और मयंक रावत शामिल हैं।" बता दें कि रोहित की जगह सलामी बल्लेबाज के रूप में मुंबई ने डी कॉक को टीम में शामिल किया है। वे सीजन का पहला मुकाबला खेल रहे हैं।
बेंगलुरु के खिलाफ रोहित को लगी चोट
वानखेडे़ स्टेडियम में 12 अप्रैल को खेले गए मैच में एमआई को हार का सामना करना पड़ा। मैच में मुंबई की टीम 241 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली टीम 222 रन बना सकी थी और 18 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। पूर्व कप्तान मैच में बल्लेबाजी जारी नहीं रख सके थे और 19 रन बनाकर मैदान से बाहर चले गए थे। रोहित को लेकर ऐसी रिपोर्ट भी सामने आई है कि वे दो मैचों से बाहर हो सकते हैं।
IPL 2026 में रोहित का प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में रोहित शर्मा ने अब तक 4 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 137 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक लगाया है, जो कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत में आया था। मुंबई के लिए सीजन अब तक अच्छा नहीं रहा है क्योंकि उन्हें सिर्फ एक मैच में जीत मिली है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।