विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाकिस्‍तान क्रिकेट टीम पर गहराया संकट, लॉर्ड्स हार के बाद दो प्रमुख खिलाड़‍ियों को भेजा जाएगा घर

Updated: Mon, 31 Aug 2026 09:16 PM (IST)

पाकिस्‍तान क्रिकेट टीम का इंग्‍लैंड दौरे पर हाल बुरा है। पाकिस्‍तान की लगातार दो मैचों में हार के बाद विकेटकीपर ...और पढ़ें

मोहम्‍मद रिजवान और इमाम उल हक

मोहम्‍मद रिजवान और इमाम उल हक

HighLights

  1. पाकिस्‍तान को लॉर्ड्स टेस्‍ट में 194 रन की शिकस्‍त मिली

  2. पाकिस्‍तान की टीम मौजूदा सीरीज में 0-2 से पिछड़ी

  3. मोहम्‍मद रिजवान और इमाम उल हक घर वापस लौटेंगे

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। इंग्‍लैंड दौरे पर गई पाकिस्‍तान की चिंताएं खत्‍म होने का नाम नहीं ले रही हैं। विकेटकीपर बल्‍लेबाज मोहम्‍मद रिजवान और इमाम उल हक को मौजूदा दौरे के बीच से घर वापस भेजने की पूरी संभावना है। बता दें कि पाकिस्‍तान की टीम मौजूदा सीरीज में 0-2 से पीछे है।

पाकिस्‍तान को पहले टेस्‍ट में इंग्‍लैंड के हाथों एक पारी और 103 रन की शिकस्‍त झेलना पड़ी थी। इसके बाद लॉर्ड्स में बाबर आजम के नेतृत्‍व वाली पाकिस्‍तान को 194 रन की शिकस्‍त मिली। लगातार दो हार के कारण पाकिस्‍तान की टीम डब्‍ल्‍यूटीसी प्‍वाइंट्स टेबल में आखिरी स्‍थान पर काबिज है। खबरें हैं कि टीम प्रबंधन और खिलाड़‍ियों पर गाज गिर सकती है।

पाकिस्‍तान के जियो न्‍यूज ने सूत्र के हवाले से कहा, 'रिजवान और इमाम को घर वापस भेजने का फैसला लिया जा चुका है।' लॉर्ड्स की हार के बाद पाकिस्‍तान ने इंग्‍लैंड में उच्‍च-स्‍तरीय बैठक करने का फैसला किया, जिसमें पीसीबी के अधिकारी भी शामिल होंगे।

पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी, सीओओ सुमैर अहमद, पीएसएल के सीईओ सलमान नासीर, पूर्व क्रिकेटर और सीनियर चयनकर्ता आकिब जावेद व सीमित ओवर के हेड कोच माइक हेसन के इस बैठक का हिस्‍सा होने की संभावना है।

मुसीबत में फंसे इमाम

पीसीबी से जुड़े सूत्र ने जियो न्‍यूज से कहा कि नकवी ने इंग्‍लैंड में पाकिस्‍तान के खराब प्रदर्शन पर निराशा जाहिर की है। रिपोर्ट में कहा गया, 'स्‍काई स्‍पोर्ट्स पर दूसरे टेस्‍ट के दौरान इमरान खान के बेटों के इंटरव्‍यू ने शक्तिशाली लोगों को उदास किया, लेकिन इससे बढ़कर पाकिस्‍तान टीम की मीडिया में छवि और उनके प्रदर्शन ने चिंता बढ़ाई।'

रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि रिजवान और इमाम को घर भेज दिया गया है जबकि दो टेस्‍ट के अनुभवी अब्‍दुल्‍लाह फजल को इंग्‍लैंड भेजा जा रहा है। रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से कहा गया, 'इमाम बड़ी मुसीबत में हैं।'

हेसन संभालेंगे टेस्‍ट की जिम्‍मेदारी

याद दिला दें कि इमाम उल हक ने दूसरे टेस्‍ट के पहले दिन चोटिल होने के बाद बल्‍लेबाजी नहीं की थी। हालांकि, रिपोर्ट में दावा किया गया कि उनकी चोट की गंभीरता पर संदेह है। बैठक में यह भी विचार किया गया कि माइक हेसन टेस्‍ट टीम की जिम्‍मेदारी भी संभालेंगे। वो इंग्‍लैंड दौरे पर पाकिस्‍तान टीम के साथ रहेंगे और इस कारण हेड कोच सरफराज अहमद के भविष्‍य पर सवाल उठने लगे हैं।

यह भी पढ़ें- ENG vs PAK: इंग्लैंड की पेस चौकड़ी का तहलका, पाकिस्तानी बल्लेबाजों के लिए बने 'काल'

यह भी पढ़ें- 'सबसे खराब क्रिकेट बोर्ड', पाकिस्‍तान के घटिया प्रदर्शन पर पूर्व कप्‍तान ने मोहसिन नकवी सहित PCB को जमकर लताड़ा