Trending

    NZ vs SA Semi Final: दिन में रंग, रात को बरसेंगे रन… ईडन गार्डन्स में न्यूजीलैंड की दक्षिण अफ्रीका से भिड़ंत

    By Vishal ShresthEdited By: Priyanka Joshi
    Updated: Wed, 04 Mar 2026 06:00 AM (IST)

    अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड दोनों ही टीमें 20 या 50 ओवर का विश्व कप नहीं जीत पाई हैं, हालांकि उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी और व ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    NZ vs SA Semi Final: न्यूजीलैंड बनाम साउथ अफ्रीका का टी20 विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल

    विशाल श्रेष्ठ, जागरण, कोलकाता। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के करीब 150 साल पुराने इतिहास में दक्षिण अफ्रीका व न्यूजीलैंड ही ऐसी टीमें हैं, जिनकी किस्मत आईसीसी टूर्नामेंटों में एक जैसी रही हैं। 

    दोनों ने अब तक 20 व 50 ओवरों का एक भी विश्वकप नहीं जीता है। दोनों एक-एक बार टी20 विश्वकप के फाइनल में पहुंचकर हारी हैं। दोनों ने अब तक दो ही आईसीसी खिताब जीते हैं-चैंपियंस ट्रॉफी व विश्व टेस्ट चैंपियनशिप। 

    दक्षिण अफ्रीका ने 1998 में चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण जीता और 2000 में न्यूजीलैंड ने दूसरा। वहीं विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का पहला संस्करण (2019-2021) न्यूजीलैंड ने जीता तो पिछला (2023-2025) दक्षिण अफ्रीका ने। इसे छोड़कर दोनों टीमें आइसीसी टूर्नामेंटों के अहम मुकाबलों में फिसड्डी साबित होती आई हैं, लेकिन इस बार किस्मत पलटने को कोई कसर नहीं छोड़ रहीं। 

    बुधवार को दिन में पूरे देश में रंगों की बौछार होगी और रात को दोनों टीमें ईडन गार्डेस स्टेडियम में रनों की बौछार कर पहला विश्व कप जीतने के अपने रंगीन सपने को साकार करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाने की कोशिश करेंगी। जीतने वाली टीम भारत-इंग्लैंड में होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से आठ मार्च को फाइनल में भिड़ेगी।

    टी20 विश्वकप में प्रोटीज को कभी नहीं हरा पाई है कीवी 

    टी20 विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका न्यूजीलैंड पर हमेशा भारी रही है। दोनों के बीच अब तक पांच मुकाबले हुए हैं और पांचों ही दक्षिण अफ्रीका ने जीते हैं। दोनों टीमें पहली बार टी20 विश्वकप के सेमीफाइनल में भिड़ेंगी, हालांकि इससे पहले न्यूजीलैंड पांच व दक्षिण अफ्रीका चार बार टी20 विश्वकप का सेमीफाइनल खेल चुकी है। समग्र रूप से भी दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा भारी रहा है। दोनों  के बीच अब तक 19 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच हुए हैं, जिनमें दक्षिण अफ्रीका ने 12 तो न्यूजीलैंड ने मात्र सात जीते हैं। मौजूदा टी20 विश्वकप के ग्रुप चरण में दक्षिण अफ्रीका न्यूजीलैंड को सात विकेट से बुरी तरह हरा चुका है। 

    दक्षिण अफ्रीका का ईडन में यह पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच भी होगा जबकि न्यूजीलैंड अब तक यहां दो मैच खेल चुकी है, जिसमें एक जीती व एक हारी है।

    दक्षिण अफ्रीका ने दिखाई है दबंगई  

    दक्षिण अफ्रीका ने पूरी दबंगई दिखाई है। वह ग्रुप चरण के चारों मैच जीतकर टेबल टापर बनी, फिर सुपर आठ के भी तीनों मैच जीते। उसने सुपर आठ में गत बार की चैंपियन व इस बार भी खिताब की प्रबल दावेदार भारत को भी 76 रनों से करारी शिकस्त दी है।

    दक्षिण अफ्रीका की जीत में उसका शानदार 'टीम वर्क' साफ नजर आ रहा है। टीम के बल्लेबाज व गेंदबाज सभी योगदान दे रहे हैं। ब्रायन बेनेट ने 292 तो ऐडन मार्करम ने 268 रन बनाए हैं। रेयान रिकल्टन भी 228 रन जोड़ चुके हैं। वहीं लुंगी नगीदी ने 12 तो मार्कों जानसेन व कार्बिन बास्च 11-11 विकेट चटकाकर अच्छी लय में हैं।

    निडर होकर खेली है न्यूजीलैंड

    मिशेल सेंटनर के नेतृत्व में न्यूजीलैंड का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। ग्रुप चरण में चार में से तीन मैच जीतकर वह टेबल में दक्षिण अफ्रीका के बाद दूसरे स्थान पर रही। सुपर आठ में पाकिस्तान के विरुद्ध मैच रद होने और इंग्लैंड के हाथों हार से उसका गणित बिगड़ा जरूर लेकिन श्रीलंका को हराकर बेहतर नेट रन रेट के बूते वह सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही। न्यूजीलैंड का मजबूत पक्ष उसकी गेंदबाजी दिख रही है। 

    उसके प्रमुख बल्लेबाज अब तक अपनी क्षमता के मुताबिक खेल नहीं दिखा पाए हैं, जो टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय जरूर है। शैडली वैन शल्कविक ने सर्वाधिक 13 विकेट चटकाए हैं। रचिन रवींद्र ने नौ विकेट लिए हैं। बल्लेबाजों में टिम सीफर्ट ने सर्वाधिक 216 रन बनाए हैं। ईडन में टास काफी अहम होगा।

     टॉस जीतने वाली टीम निश्चित रूप से यहां रनों का पीछा करना पसंद करेगी। कारण, रात बढ़ने के साथ यहां ओस महत्वपूर्ण कारक बन सकता है, जिससे बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम को परेशानी हो सकती है।

    यह भी पढ़ें- NZ vs SA Semi Final Live Streaming: पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड की साउथ अफ्रीका से भिड़ंत, कब, कहां और कैसे देखें फ्री में लाइव?

    यह भी पढ़ें- NZ vs SA: Aiden Markram की कप्‍तानी पारी, साउथ अफ्रीका ने लगाई जीत की हैट्रिक; न्‍यूजीलैंड को मिली पहली हार