टी-20 में नए कप्तान की आहट, अगर सूर्यकुमार का प्रदर्शन इसी तरह चलता रहा तो जल्द मिलेगा नया कैप्टन
आईपीएल के बाद भारतीय टीम को जून-जुलाई में इंग्लैंड और आयरलैंड का दौरा करना है। ...और पढ़ें
-1776444919156_m.webp)
सूर्या का बल्ला खामोश।
अभिषेक त्रिपाठी, जागरण नई दिल्ली। आईपीएल के बाद भारतीय टीम को जून-जुलाई में इंग्लैंड और आयरलैंड का दौरा करना है। इन दौरों के लिए चुनी वाली टीम में निश्चित रूप से आईपीएल के प्रदर्शन को भी ध्यान में रखा जाएगा और ऐसे में सूर्यकुमार यादव के लिए थोड़ी मुश्किलें पैदा हो सकती है।
अगर सूर्यकुमार यादव का यही प्रदर्शन रहा तो चयन समिति इंग्लैड और आयरलैंड दौरे के बाद कप्तान के रूप में किसी ओर को चुन सकती है। सूर्य का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी काफी समय से उतार चढ़ाव भरा रहा है। ऐसे में भारत को जल्द नया टी-20 कप्तान मिल सकता है। इस दौड़ में श्रेयस अय्यर फिलहाल काफी आगे दिख रहे हैं।
IPL 2026 में नहीं चल रहा बल्ला
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने भले ही टी-20 विश्व कप का बचाव किया, लेकिन बल्लेबाज के रूप में उनका प्रदर्शन बेहद साधारण रहा है। आईपीएल के पांच मैचों में वह 16, 51, 6, 33 और 0 रन ही बना सके हैं। ये तो केवल आईपीएल के आंकड़े हैं।
सूर्यकुमार के लिए 2025 का साल बेहद खराब रहा, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 120 से भी कम हो गया और वह एक भी अर्धशतक नहीं बना सके थे। हालांकि, उन्होंने 2026 में अच्छा प्रदर्शन किया और 160 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए जिसमें चार अर्धशतक भी शामिल है।
स्काई के प्रदर्शन में गिरावट
हालांकि, टी-20 विश्व कप में अमेरिका के विरुद्ध पहले मैच को छोड़कर सूर्यकुमार का प्रदर्शन उल्लेखनीय नहीं रहा। एक समय था जब सूर्यकुमार यादव क्रीज पर आते ही मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते थे और टीम को उनसे जीत की उम्मीद रहती थी। लेकिन हाल के समय में विरोधी गेंदबाजों ने उनकी बल्लेबाजी की कमजोरियों को समझ लिया है।
कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने के बाद से उनके प्रदर्शन में गिरावट साफ नजर आई है, जो टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बन सकती है। ऐसे में चयनकर्ताओं के सामने यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या टीम को ऐसे कप्तान की जरूरत है जो बल्लेबाजी और नेतृत्व दोनों में संतुलन बना सके। इसी संदर्भ में श्रेयस अय्यर का नाम सबसे मजबूत विकल्प के रूप में उभरकर सामने आ रहा है।
श्रेयस अय्यर कर रहे साबित
कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं। उनकी कप्तानी में 2020 में दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल फाइनल में पहुंची थी। उनकी कप्तानी में ही 2024 में कोलकाता नाइटराइडर्स ने तीसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीती। पिछले सीजन में उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स फाइनल तक पहुंची थी।
बल्लेबाजी की बात करें तो 2025 आईपीएल सीजन में उन्होंने 17 मैचों में 50 से ज्यादा की औसत से 604 रन बनाए। इसमें उनके नाम छह अर्धशतक रहे और क्वालीफायर दो में मुंबई इंडियंस के विरुद्ध उन्होंने नाबाद 87 रन की पारी खेली।
पंजाब का जीत प्रतिशत 100
मौजूदा सीजन में भी अय्यर का प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा है। वह कप्तान और बल्लेबाज दोनों भूमिकाओं में टीम को आगे ले जा रहे हैं। पंजाब किंग्स इस समय एकमात्र ऐसी टीम है, जिसका जीत प्रतिशत 100 है। अय्यर ने इस सत्र में पांच मैचों में करीब 68 की औसत से 203 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं।
हो सकता है बदलाव
इन आंकड़ों को देखते हुए यह साफ है कि अय्यर न केवल रन बना रहे हैं, बल्कि दबाव में टीम को संभालने की क्षमता भी दिखा रहे हैं। अगर आने वाले मैचों में सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन नहीं सुधरता और अय्यर इसी लय में बने रहते हैं, तो भारतीय टी-20 टीम में कप्तानी बदलाव लगभग तय माना जा सकता है। आने वाले महीनों में चयनकर्ताओं के फैसले पर सबकी नजरें रहेंगी, क्योंकि यह बदलाव भारतीय टीम के भविष्य की दिशा तय कर सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।