Sir Garry Sobers Death: 68 साल से अटूट है सर गारफील्ड सोबर्स का ये रिकॉर्ड, पाकिस्तान की घर में बजाई थी बैंड
वेस्टइंडीज के महान ऑलराउंडर सर गारफील्ड सोबर्स का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। गैरी सोबर्स के 68 साल पुराने रिकॉर्ड का टूटना लगभग नामुमकिन है। ...और पढ़ें

सर गारफील्ड सोबर्स (Pic Credit - X)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। क्रिकेट के महानतम खिलाड़ियों में से एक सर गारफील्ड सोबर्स का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर ने बारबाडोस में अपने घर में अंतिम सांस ली।
दो सप्ताह बाद ही यानी 28 जुलाई 2026 को उनका 90वां जन्मदिन आने वाला था। सोबर्स अपने पीछे दो बेटे डेनियल और मैथ्यू व गोद ली हुई बेटी जीनीवी को छोड़ गए। 1954 से 1974 के बीच सोबर्स ने 93 टेस्ट मैचों में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया। अपनी ऑलराउंड क्षमता के कारण उन्होंने क्रिकेट में काफी नाम कमाया।
सोबर्स की दीवानगी
क्रिकेट में गैरी सोबर्स की दीवानगी इस कदर थी कि लोग कहते थे, 'टेस्ट क्रिकेट में पहले सर गैरी सोबर्स और फिर अन्य दिग्गज ऑलराउंडर्स आते हैं।' ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज सर डॉन ब्रेडमैन सोबर्स को 'फाइव इन वन क्रिकेटर बुलाते थे।'
इसकी वजह शानदार बल्लेबाज और फील्डर होने के अलावा सोबर्स का अलग तरह की गेंदबाजी करना भी था। वो बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी, धीमी गेंदबाजी और कलाई से स्पिन भी करना जानते थे।
सोबर्स की गेंद से शैली के कारण वेस्टइंडीज को अतिरिक्त बल्लेबाज खिलाने की अनुमति मिल जाती थी। वैसे, बल्ले से सर गारफील्ड सोबर्स का 68 साल पुराना रिकॉर्ड आज भी अटूट है और इसके कभी ब्रेक होने की उम्मीद न के बराबर ही लगती है। चलिए आपको बताते हैं कि वो कौन-सा रिकॉर्ड है।

सोबर्स का अविश्वसनीय रिकॉर्ड
जैसा कि हमने बताया कि सर गारफील्ड सोबर्स एक बेहतरीन ऑलराउंडर थे। उन्होंने बल्ले से एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जिसे अब तक कोई बल्लेबाज तोड़ नहीं पाया है। सोबर्स दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने अपना पहले टेस्ट शतक को तिहरे शतक (100 से 300 रन) में तब्दील किया। वो टेस्ट में तिहरा शतक जमाने वाले दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाज हैं।
खबरें और भी
1958 में किंग्सटन में सर गैरी सोबर्स ने पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 365 रन बनाए थे। तब उनकी उम्र महज 21 साल और 213 दिन की थी। वैसे, टेस्ट क्रिकेट में यह सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड भी था, जिसे 1994 में ब्रायन लारा ने तोड़ा था। अब देखने वाली बात है कि 21 साल और 213 दिन की कम उम्र में कोई बल्लेबाज इस रिकॉर्ड को तोड़ने में कामयाब हो पाता है या नहीं।

मैच का हाल
याद दिला दें कि वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच यह टेस्ट मैच 26 फरवरी से 1 मार्च 1958 के बीच किंग्स्टन के सबीना पार्क में खेला गया था। पांच मैचों की सीरीज के तीसरे टेस्ट में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान ने इम्तियाज अहमद (122) के शतक के दम पर पहली पारी में 328 रन बनाए।
इसके बाद वेस्टइंडीज ने अपनी पारी 790/3 के स्कोर पर घोषित की। सर गैरी सोबर्स ने तीसरे नंबर पर आकर 38 चौके की मदद से नाबाद 365 रन बनाए। इसके अलावा ओपनर कोनराड हंट ने 28 चौके और एक छक्के की मदद से 260 रन बनाए। कैरेबियाई टीम ने पहली पारी के आधार पर 462 रन की बढ़त बनाई।
इसके बाद पाकिस्तान की दूसरी पारी 288 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह वेस्टइंडीज ने यह टेस्ट एक पारी और 174 रन से जीता। कैरेबियाई टीम ने पांच मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम की थी।

गैरी सोबर्स का करियर
बता दें कि गैरी सोबर्स ने 93 टेस्ट मैचों में 57.78 की औसत से 8032 रन बनाए, जिसमें 26 शतक और 30 अर्धशतक जमाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 365* रन रहा। वहीं, उन्होंने गेंदबाजी में 235 विकेट चटकाए। गैरी सोबर्स ने एक वनडे खेला, जिसमें केवल एक विकेट चटकाया।