वेस्टइंडीज-जिंबाब्वे टीम भारत में फंसी, ईरान पर हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्रों में प्रतिबंधों के कारण नहीं हो पाईं रवाना
अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्रों पर लगे प्रतिबंधों के कारण टी-20 विश्व कप 2026 से बाहर होने वाली वेस्टइंडीज की क्रिकेट टीम भारत में ही फंसी हुई है। ...और पढ़ें

भारत में फंस गई 2 टीम।
नई दिल्ली, पीटीआई। अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्रों पर लगे प्रतिबंधों के कारण टी-20 विश्व कप 2026 से बाहर होने वाली वेस्टइंडीज की क्रिकेट टीम भारत में ही फंसी हुई है। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने कहा है कि वह खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए आईसीसी व संबंधित अधिकारियों के साथ काम कर रहा है।
खाड़ी क्षेत्र में हवाई सेवाएं फिलहाल निलंबित हैं और दुबई एयरपोर्ट पर भी नुकसान की खबर है, जो दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है। क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने कहा, हमारी सीनियर पुरुष टीम अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में प्रतिबंधों के कारण भारत से रवाना नहीं हो पाई। वर्तमान स्थिति में हमारे प्रशंसकों, परिवारों और हितधारकों की समझ और चिंता के लिए CWI आभारी है।
वहीं बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि वेस्टइंडीज टीम अभी भी यहां है। फिलहाल टीम कब रवाना होगी, इसकी कोई जानकारी नहीं है। आईसीसी स्थिति पर नजर रखे हुए है। मुझे नहीं लगता कि वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों पर लौटने का कोई दबाव है। वेस्टइंडीज के अलावा जिंबाब्वे के खिलाड़ी भी इसी कारण से भारत में फंसे हुए हैं। जिंबाब्वे क्रिकेट ने सोमवार को पुष्टि की कि टीम दिल्ली में ही है। उसने कहा कि यात्रा की नई व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है। आईसीसी वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों के साथ काम कर रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।