ZIM vs NAM: ग्रीन-एलेक्जेंडर के अर्धशतक नहीं आए काम, जिम्बाब्वे ने आखिरी ओवर में 4 विकेट लेकर बचाई लाज; नामीबिया की पांच रनों से हार
जिम्बाब्वे ने ट्राई सीरीज के तीसरे मैच में जिम्बाब्वे को पांच रनों से हरा दिया। हालांकि, एक समय नामीबिया की ...और पढ़ें

जिम्बाब्वे ने नामीबिया को दी मात

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। नामीबिया क्रिकेट टीम ने हाल ही में साउथ अफ्रीका को मात देकर बड़ा उलटफेर किया था। हालांकि, ये टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ वो काम नहीं कर पाई और ट्राई सीरीज के तीसरे मैच में बेहद रोमांचक मुकाबले में जिम्बाब्वे ने उसे पांच रनों से हरा दिया। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट खोकर 195 रन बनाए। नामीबियाई टीम काफी संघर्ष के बाद 190 रन ही बना सकी।
ये जिम्बाब्वे की इस सीरीज में पहली जीत है। इससे पहले उसे साउथ अफ्रीका ने हार दी थी। सीरीज का पहला मैच नामीबिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया था जिसमें नामीबिया ने बड़ा उलटफेर करते हुए 18 रनों से जीत हासिल की थी।
ग्रीन और एलेक्जेंडर ने लड़ी लड़ाई
नामीबिया ने इस मैच में भी लड़ाई लड़ी, लेकिन अंत में उसके हिस्से हार ही आई। जैन ग्रीन और एलेक्जेंडर बुसिंग ने अर्धशतकीय पारियां खेल टीम को जीत की राह पर बनाए रखा, लेकिन आखिरी ओवर में दोनों के आउट होने के बाद टीम जीत नहीं सकी। पहले ग्रीन आउट हुए जिन्होंने 26 गेंदों पर सात चौके और दो छक्कों की मदद से 54 रन बनाए । एलेक्जेंडर को इवांस ने अपना शिकार बनाया। वह 29 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्कों की मदद से 56 रन बना पाए। इन दोनों के अलावा आखिरी ओवर में दो और विकेट गिरे। पांचवीं गेंद पर बर्नाड स्कोल्ट्ज रन आउट हुए। इवांस ने आखिरी गेंद पर जैक ब्रैसेल को पवेलियन भेजा। दोनों खाता नहीं खोल पाए।
ग्रीन और एलेक्जेंडर के बीच 110 रनों की साझेदारी हुई। एक समय नामीबिया ने अपने छह विकेट सिर्फ 76 रनों पर ही खो दिए थे। यहां से इन दोनों ने पारी बुनी और टीम को जीत के पास ले गए, लेकिन आखिरी ओवर में जिम्बाब्वे ने कुल चार विकेट लेकर बाजी पलट दी।
बर्ल का अर्धशतक
इससे पहले जिम्बाब्वे को 200 के करीब पहुंचाने में रियान बर्ल का अहम रोल रहा। उन्होंने नाबाद 57 रनों की पारी खेली। अपनी पारी में इस बल्लेबाज ने 32 गेंदों का सामना कर सात चौके और एक छक्का मारा। इवांस ने गेंद से कमाल दिखाने से पहले बल्ले से भी अपना काम किया और अंत में 24 गेंदों पर दो चौके और इतने ही छक्कों की मदद से नाबाद 37 रन बना टीम को 195 के स्कोर तक ले गए। ताडीवानाशे मारुमानी ने भी आखिरी ओवरों में 18 रनों का अहम योगदान दिया।
इन दोनों से पहले बेन करन 38 और ब्रायन बेनेट ने 32 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी थी। हालांकि, नामीबिया ने मिडिल ओवरों में विकेट लेकर जिम्बाब्वे को परेशान जरूर किया, लेकिन बर्ल ने एक छोर संभाले रखते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया।
नामीबिया के लिए गेरहार्ड इरासमस ने तीन विकेट अपने नाम किए। बर्नड, जेजे स्मिथ और मैक्स हेइंगो के हिस्से एक-एक विकेट आया।
यह भी पढ़ें- मार्को जानसेन के जुड़वा भाई Duan Jansen ने किया इंटरनेशनल डेब्यू, नामीबिया के खिलाफ खेल रहे अपना पहला T20I मैच
