Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

IPL 2024: वो 5 खिलाड़ी जिन्होंने अपने प्रदर्शन से कर दिया हैरान, विवादित गेंदबाज भी है शामिल

आईपीएल-2024 खत्म हो चुका है लेकिन इस सीजन जो खेल इस लीग में देखने को मिला वो अभी तक सभी से सिर चढ़कर बोल रहा है। इस सीजन रनों की बारिश जमकर हुई और इस बीच कुछ गेंदबाजों ने भी काफी प्रभावित किया। हम आपको उन खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं जो इस सीजन सरप्राइज पैकेज साबित हुए।

By Abhishek Upadhyay Edited By: Abhishek Upadhyay Updated: Wed, 29 May 2024 05:52 PM (IST)
Hero Image
आईपीएल 2024 में कई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से हैरान कर दिया।

 स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल-2024 अब खत्म हो चुका है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को मात देकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। आईपीएल का ये सीजन काफी रोमांचक रहा। इस सीजन में सबसे ज्यादा बार 200 का स्कोर बना। कई युवा खिलाड़ियों ने इस सीजन प्रभावित किया और कुछ ने तो ऐसा खेल दिखाया जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी।

हम आपको ऐसा ही कुछ खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्होंने इस सीजन अपने खेल से सभी को हैरान कर दिया। ऐसा खेल दिखाया कि देखने वाले देखते रह गए।

यह भी पढ़ें- T20 World Cup से पहले ही शुरू हो गई बगावत, अपनी टीम के खिलाफ हो गया ये खिलाड़ी, सोशल मीडिया तक पहुंचा मामला

अभिषेक शर्मा

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम फाइनल में पहुंची लेकिन खिताब नहीं जीत सकी। इस सीजन जितना तूफानी अंदाज इस टीम ने दिखाया वो कोई और नहीं दिखा सका। इसकी मुख्य वजह रही इस टीम की सलामी जोड़ी। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने जमकर तूफान मचाया। हेड के खेल से सभी वाकिफ हैं, लेकिन जो आक्रामक अंदाज अभिषेक ने दिखाया उसने सभी को हैरान कर दिया। अभिषेक काफी समय से आईपीएल खेल रहे हैं लेकिन इस तरह की बल्लेबाजी उन्होंने कभी नहीं की जो इस सीजन की है। अभिषेक ने इस सीजन 16 मैचों में 484 रन बनाए जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 204.21।

जैक फ्रेसर मैकगर्क

दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन ऑस्ट्रेलिया के युवा बल्लेबाज जैक फ्रैसर मैकगर्क को मौका दिया। 22 साल के इस खिलाड़ी ने जो खेल दिखाया उसकी भी उम्मीद किसी को नहीं थी। इस खिलाड़ी ने चार अर्धशतकों की मदद से नौ पारियों में 330 रन बनाए। मैकगर्क के स्ट्राइक रेट ने सभी को हैरान किया। उन्होंने ये रन 234.04 की स्ट्राइक रेट से बनाए।

ट्रिस्टन स्टब्स

दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से एक और युवा बल्लेबाज इस सीजन चमका। इस बल्लेबाज का नाम है ट्रिस्टन स्टब्स। साउथ अफ्रीका का ये बल्लेबाज पहले मुंबई इंडियंस के लिए खेलता था लेकिन इस सीजन दिल्ली से खेला और अपना रंग दिखा गया। दो सीजन मुंबई से खेलने पर ट्रिस्टन को ज्यादा मौके नहीं मिले थे। लेकिन दिल्ली के साथ उन्हें मौके मिले और उन्होंने 13 पारियों में 378 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 190.90 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए।

यश दयाल

यश दयाल का नाम पिछले सीजन जमकर उछला था। इसका कारण था कि रिंकू सिंह ने उनके एक ओवर में लगातार पांच छक्के मार कोलकाता को मैच जिता दिया था। यश उस समय गुजरात टाइटंस का हिस्सा थे और आखिरी ओवर में खाए इन छक्कों ने उनके करियर को खतरे में डाल दिया था। लेकिन इस सीजन यश चमके और अपनी शानदार गेंदबाजी से उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को प्लेऑफ में पहुंचाने में अहम रोल निभाया। इस सीजन यश ने 14 मैचों में 15 विकेट लिए। चेन्नई के खिलाफ आखिरी लीग मुकाबले में उन्होंने आखिरी ओवर में महेंद्र सिंह धोनी के खिलाफ 17 रनों का बचाव कर टीम को जीत दिलाई थी।

हर्षित राणा

कोलकाता नाइट राइडर्स चैंपियन बनी इसका एक बड़ा कारण इस टीम का संतुलन था। इस टीम में युवा खिलाड़ियों का जोश भी था और अनुभवी खिलाड़ियों का अनुभव भी। टीम की गेंदबाजी में एक खिलाड़ी ने सभी को हैरान कर दिया। ये ते हर्षित राणा। मिचेल स्टार्क के साथ नई गेंद संभालने का काम राणा ने किया और बखूबी किया। कई मैचों में उन्होंने टीम को शुरुआती सफलता दिलाई। दाएं हाथ के इस गेंदबाज ने 11 पारियों में 19 विकेट अपने नाम किए।

यह भी पढ़ें- T20 World Cup 2024 से पहले नीदरलैंड्स का धमाका, वर्ल्ड चैंपियन टीम को हराकर सभी को कर दिया हैरान