PAK vs SL: सलमान अली आगा ने शतक ठोक PCB को दिया करारा जवाब, श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान को दिलाई जीत
टी20 कप्तानी से हटाए जाने के बाद सलमान अली आगा ने श्रीलंका के खिलाफ ट्राई सीरीज में शतक जड़कर पाकिस्तान को 37 रनों से जीत दिलाई।

सलमान अली आगा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 की कप्तानी से हटाए जाने के बाद पाकिस्तान के सलमान अली आगा ने श्रीलंका के खिलाफ ट्राई सीरीज में शतक लगाकर पाक को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें पाकिस्तान दौरे पर टेस्ट टीम से भी ड्रॉप कर दिया गया था। अब उन्होंने वापसी पर शतक लगाकर चयनकर्ताओं को भी करारा जवाब दिया है।
रावलपिंडी स्टेडियम में वनडे ट्राई सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया। मैच में शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और 32 रनों पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद आगा ने मोर्चा संभाला और पाकिस्तान को 305 रनों के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनके शतक के दम पर ही पाक टीम ने मैच को 37 रनों से अपने नाम कर लिया।
पाकिस्तान की खराब शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाद सैम अयूब सात बनाकर आउट हो गए। उनके बाद फखर जमान भी बड़ा स्कोर नहीं बना सके और 16 रन बनाकर आउट हो गए। श्रीलंका के दिलशान मधुशंका ने कमाल की बॉलिंग की और दोनों पाक सलामी बल्लेबाजों को मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया।
बाबर आजम ने पूरे किए 16 हजार रन
दो विकेट जल्दी गंवाने के बाद पाकिस्तान के लिए बाबर आजम और विकेटकीपर बल्लेबाद साद बेग ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि, बाबर 45 रन बनाकर आउट हो गए। इस दौरान उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। आजम पाकिस्तान के पांचवें ऐसे बल्लेबाज बने, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 हजार या उससे अधिक रन बनाए हों।
- इंजमाम उल हक - 20,541
- यूनुस खान - 17,790
- मोहम्मद युसूफ - 17,134
- जावेद मियांदाद - 16,231
- बाबर आजम - 16,038*
सलमान अली आगा ने ठोका शतक
आगा ने मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की और शतक लगाया। उन्होंने 90 गेंदों पर 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 107 रन बनाए। हसन नवाज ने भी 37 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। हालांकि, आगा के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सका लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान की टीम ने 305 रन बना लिए। श्रीलंका के लिए इशान मलिंगा सबसे कामयाब गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार विकेट हासिल किए। उनके अलावा असिता फर्नांडो तीन और दिलशान मधुशंका को दो सफलता मिली।
पवन रतनायके और जनिथ लियानागे का अर्धशतक
पाकिस्तान के 306 रनों के जवाब में श्रीलंका की शुरुआत भी खराब रही। उन्होंने 30 रनों पर पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद कमिंदु मेंडिस और कप्तान कुसल मेंडिस ने पारी को संभाला लेकिन कुसल 18 रन बनाकर आउट हो गए। कमिंदु भी 44 रन ही बना सके। सहान अराचिगे भी तीन रन ही बना सके और श्रीलंका ने 91 रनों के स्कोर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद पवन (79) और जनिथ (60) ने मोर्चा संभाला और अर्धशतक लगाया। दोनों ने 119 रनों की साझेदारी की। हालांकि, उनके आउट होने के बाद कोई भी श्रीलंकाई बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सका।
शाहीन अफरीदी ने किया कमाल
पाकिस्तान के लिए गेंजबाजी में कप्तान शाहीन अफरीदी ने कमाल किया। वे अपनी टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे। अफरीदी ने तीन विकेट हासिल किए। उनके अलावा नसीम शाह, हारिस रउफ और फहीम अशरफ को दो-दो विकेट मिले। श्रीलंका की पूरी टीम 268 रनों पर सिमट गई और पाकिस्तान ने मैच को 37 रनों से अपने नाम कर लिया।
