Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Ranji Trophy Round-up: कुणाल-अवनीश के दम पर उत्तराखंड ने बनाई बढ़त, आकिब के 7 विकेट बावजूद मुश्किल में जम्मू-कश्मीर

    Updated: Sat, 07 Feb 2026 10:41 PM (IST)

    रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन उत्तराखंड ने झारखंड पर 47 रन की बढ़त बना ली, जिसमें अवनीश सुधा और कुणाल चंदेला ने अर्धशतक लगाए। वहीं, आकिब नबी ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    आकिब नबी की गेंदबाजी

    पीटीआई, जमशेदपुर। रणजी ट्रॉफी के क्वॉर्टर फाइनल मुकाबलों में झारखंड और उत्तराखंड के बीच चल रहे मैच में दूसरे दिन खेल समाप्त होने तक उत्तराखंड ने झारखंड के 235 रन के जवाब में पांच विकेट पर 282 रन बनाकर 47 रन की बढ़त कायम कर ली। उत्तराखंड के प्रारंभिक बल्लेबाज अवनीश सुधा (64) और कप्तान कुणाल चंदेला (68) ने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूत आधार दिया।

    वहीं मध्यक्रम में जगदीश सुचित ने मोर्चा संभाला और 60 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे दिन स्टंप्स तक उत्तराखंड के सुचित के साथ शाश्वत डंगवाल 14 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे। झारखंड की ओर से जतिन पांडे, साहिल राज और मनीषी ने एक-एक विकेट लिया, लेकिन वे उत्तराखंड के रनों की रफ्तार को रोकने में नाकाम रहे। मुकाबले के पहले दिन झारखंड ने आदित्य सिंह (83) के दम पर सम्मानजनक स्कोर बनाया था।

    मध्य प्रदेश की वापसी

    जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने पूर्व चैंपियन मध्य प्रदेश के विरुद्ध सात विकेट लेकर जम्मू एवं कश्मीर को दूसरे दिन पहली पारी में 42 रन की बढ़त दिलाई। उन्होंने मध्य प्रदेश को 152 रन पर ढेर कर दिया। हालांकि इसके बावजूद जम्मू एवं कश्मीर अब भी मुश्किल में है क्योंकि दूसरी पारी में उसने स्टंप तक 84 रन पांच विकेट गंवा दिए। इससे उसकी कुल बढ़त सिर्फ 126 रन है।

    सुदीप का शतक, मुकेश के पांच विकेट

    सुदीप घरामी (नाबाद 112 रन) के नाबाद शतक की बदौलत बंगाल ने आंध्र के विरुद्ध स्टंप तक पांच विकेट पर 199 रन बना लिए। इससे पहले आंध्र की टीम पहली पारी में 295 रन पर आलआउट हो गई। बंगाल के मुकेश कुमार (5/66) और आकाश दीप (4/79) के चलते आंध्र के बल्लेबाज ज्यादा टिक नहीं सके।

    वहीं चौथे क्वार्टर फाइनल में मुंबई ने 120 रन पर ढेर होने के बाद कर्नाटक को भी 173 रन पर समेट दिया। इसमें मुंबई के मोहित अवस्थी व तुषार देशपांडे ने चार-चार विकेट लिए। जवाब में मुंबई ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 189 रन बनाकर कुल 136 रन की बढ़त भी बना ली।

    यह भी पढ़ें- IND vs USA: सूर्यकुमार यादव ने भारत की डूबती नैया को लगाया किनारे, संकटमोचक बन टीम को फाइटिंग टोटल तक पहुंचाया

    यह भी पढ़ें- सीएम धामी ने क्रिकेट में आजमाया हाथ, शॉट लगाकर बोले- खेलों में करियर की अपार संभावनाएं