SA vs NZ: फिर 'चोक' कर गया साउथ अफ्रीका...फिन एलन-टिम सीफर्ट के दम पर न्यूजीलैंड ने फाइनल में मारी धांसू एंट्री
न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई है। फिन एलन ...और पढ़ें

न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को हराया
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। फिन एलन और टिम सीफर्ट की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हरा दिया है। इसी के साथ कीवी टीम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। न्यूजीलैंड ने पहले गेंद के साथ बेहतरीन कार्य किया और साउथ अफ्रीका को 169 रनों के स्कोर पर रोक दिया। इसके बाद न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और अपनी टीम को फाइनल के लिए अहमदाबाद का टिकट दिलाया।
सीफर्ट ने शानदार बल्लेबाजी की और उन्होंने 58 रन बनाए। तो वहीं फिन एलन ने शतक लगाया। सबसे बड़ी बात ये है कि कीवी टीम ने इससे पहले कभी भी साउथ अफ्रीका को टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में नहीं हराया था। उन्होंने पहली बार ये कारनामा सेमीफाइनल जैसे बड़े मैच में अंजाम दिया है। अब फाइनल में उनका सामना भारत-इंग्लैंड के बीच दूसरे सेमीफाइनल विजेता टीम से होगा।
साउथ अफ्रीका के लिए मार्को जैंसन की फिफ्टी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते उतरी साउथ अफ्रीका की शुरूआत इस मुकाबले में अच्छी नहीं रही। उन्होंने दूसरे ओवर में ही 2 विकेट गंवा दिए थे। इसी के साथ साउथ अफ्रीका की टीम दबाव में आ गई और वे पूरी पारी के दौरान इससे उबर नहीं सके। पारी के दूसरे ओवर में क्विंटन डी कॉक और रयान रिकल्टन को कोल मैककॉन्ची ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद 55 रनों के स्कोर पर कप्तान ऐडन मार्करम भी पवेलियन लौट गए। 77 रनों के स्कोर पर प्रोटियाज की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।
मार्को जैंसन क्रीज पर अकेले डटे रहे और कीवी गेंदबाजों का सामना करते हुए अर्धशतक लगाया। उन्होंने 30 गेंदों पर नाबाद 55 रनों की पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर डेवाल्ड ब्रेविस रहे, जिन्होंने 34 रनों की पारी खेली। कीवी टीम के लिए मैट हेनरी, कोल मैककॉन्ची और रचिन रविंद्र ने 2-2 विकेट हासिल किए। इसी के साउथ अफ्रीका को 169 रनों के स्कोर पर रोक दिया।
न्यूजीलैंड की शानदार बल्लेबाजी
साउथ अफ्रीका के दिए गए 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम ने शानदार शुरूआत की। उनके सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट और फिन एलन ने पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी कर डाली। इसी के साथ उन्होंने साउथ अफ्रीका को मैच से बाहर कर दिया। सीफर्ट ने 33 गेंदों पर 58 रनों की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
फिन एलन ने लगाया शतक
फिन एलन ने इस मुकाबले में कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने मुकाबले में टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे तेज शतक लगाया। उन्होंने मात्र 33 गेंदों पर अपनी सेंचुरी पूरी की। एलन ने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और 8 छक्के जड़े।
न्यूजीलैंड ने फाइनल में बनाई जगह
न्यूजीलैंड की टीम ने साउथ अफ्रीका को हराकर फाइनल में अपनी जगह बना ली है। न्यूजीलैंड ने 170 रनों के लक्ष्य को 12.5 ओवरों में ही हासिल कर लिया और 9 विकेट से जीत हासिल की। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में दूसरी बार फाइनल में एंट्री मारी है। इससे पहले 2021 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल तक का सफर कीवी टीम ने तय किया था। उन्हें उस फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अब मिचेल सैंटनर की अगुवाई वाली टीम पहली बार वर्ल्ड कप अपने नाम करना चाहेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।