Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    WI vs SCO: कोलकाता में गरजे Shimron Hetmyer, रोमारियो शेफर्ड ने खोला पंजा; वेस्‍टइंडीज ने जीत के साथ किया आगाज

    Updated: Sat, 07 Feb 2026 07:41 PM (IST)

    वेस्‍टइंडीज ने टी20 विश्‍व कप 2026 का जीता के साथ आगाज किया। शनिवार को कोलकाता में खेले गए मुकाबले में विंडीज टीम ने स्‍कॉटलैंड को 35 रन से शिकस्‍त दी ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    वेस्‍टइंडीज ने दर्ज की जीत।

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। शिमरोन हेटमायर की तूफानी फिफ्टी के बाद रोमारियो शेफर्ड के पंजे की बदौलत वेस्‍टइंडीज ने टी20 विश्‍व कप 2026 का जीता के साथ आगाज किया। शनिवार को कोलकाता में खेले गए मुकाबले में विंडीज टीम ने स्‍कॉटलैंड को 35 रन से शिकस्‍त दी। पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी वेस्‍टइंडीज ने 5 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए थे। जवाब में स्‍कॉटलैंड टीम 147 रन पर ढेर हो गई। हेटमायर को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

    विंडीज की सधी शुरुआत

    टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी वेस्‍टइंडीज को धीमी, लेकिन सधी हुई शुरुआत मिली। ओपनर ब्रैंडन किंग और कप्‍तान शाई होप के बीच पहले विकेट के लिए 50 गेंदों पर 54 रनों की साझेदारी हुई। माइकल लीस्क ने होप को बोल्‍ड कर इस पार्टनरशिप को तोड़ा। विंडीज कप्‍तान ने 2 चौकों की बदौलत 22 गेंदों पर 19 रन बनाए। 6 गेंदों के भीतर ही ब्रैंडन किंग (35) पवेलियन लौट गए।

    हेटमायर की आतिशी पारी

    3 नंबर पर बल्‍लेबाजी करने आए शिमरोन हेटमायर ने स्‍कॉटलैंड के गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया। उन्‍होंने छक्‍कों में डील करना शुरू किया और एक से बढ़कर एक सिक्‍स लगाए। रोवमैन पॉवेल ने भी हेटमायर का भरपूर साथ दिया और दोनों ने मिलकर रन गति को तेजी से बढ़ाया। हेटमायर और पॉवेल ने मिलकर 37 गेंदों पर 81 रन जोड़ दिए।

    16वें ओवर में ब्रैड करी ने पॉवेल को कैच आउट कराया। उन्‍होंने 14 गेंदों का सामना किया और 24 रन बनाए। 19वें ओवर में हेटमायर कैच आउट हुए। उन्‍होंने 36 गेंदों पर 64 रन की धुंआधार पारी खेली। अपनी इस पारी में हेटमायर ने 2 चौके और 6 छक्‍के जड़े। शेरफेन रदरफोर्ड ने 13 गेंदों पर 26 रन कूटे। रोमारियो शेफर्ड 6 और मैथ्यू फोर्डे 1 रन बनाकर नाबाद रहे।

    स्‍कॉटलैंड की खराब शुरुआत

    183 रन चेज करने उतरी स्‍कॉटलैंड की शुरुआत खराब रही और 37 के स्‍कोर पर टीम को 3 झटके लग चुके थे। माइकल जोन्स (1), ब्रैंडन मैकमुलन (14), जॉर्ज मुन्सी (19) बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। खराब शुरुआत के बाद कप्‍तान रिची बेरिंगटन (42) और टॉम ब्रूस (35) के बीच 78 गेंदों की साझेदारी हुई। दोनों के आउट होते ही पूरी स्‍कॉटलैंड टीम बिखर गई।

    17वें ओवर में रोमारियो शेफर्ड का तूफान देखने को मिला। उन्‍होंने हैट्रिक लेने के साथ ही ओवर में 4 सफलताएं प्राप्‍त कीं। ओवर की दूसरी गेंद पर शेफर्ड ने मैथ्यू क्रॉस, तीसरी गेंद पर माइकल लीस्क और चौथी गेंद पर ओलिवर डेविडसन को पवेलिनय की राह दिखाई। आखिरी गेदं पर शेफर्ड ने सफयान शरीफ को अपने जाल में फंसाया।

    रोमारियो शेफर्ड ने 3 ओवर गेंदबाजी की और 6.70 की इकोनॉमी से 20 रन देकर 5 विकेट चटकाए। उनके अलावा जेसन होल्‍डर के खोते में 3 विकेट आए। शमर जोसेफ-गुडाकेश मोती को 1-1 विकेट से संतोष करना पड़ा।

    यह भी पढ़ें- T20 World Cup 2026: पाकिस्‍तान ने बदला अपना फैसला! भारत के खिलाफ मुकाबला खेलने के दिए संकेत

    यह भी पढ़ें- ICC की सख्‍ती के बाद पाकिस्‍तान की एक न चली, T20 World Cup 2026 शुरू होते ही बदले तेवर! बातचीत से निकालेगा हल