विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान निकाय चुनाव में AAP का शानदार प्रदर्शन, केजरीवाल बोले- बदलाव की हवा

Published: Mon, 14 Sep 2026 11:53 PM (IST)

राजस्थान निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन ने पार्टी में नई जान फूंक दी है। पार्टी ने बारां ...और पढ़ें

अरविंद केजरीवाल।

अरविंद केजरीवाल।

HighLights

  1. राजस्थान निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी का दमदार प्रदर्शन।

  2. बारां नगर परिषद में AAP सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी।

  3. केजरीवाल ने कहा, राजस्थान में बदलाव की हवा चल रही है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजस्थान में हुए नगर निकाय चुनाव के नतीजों ने आप में जान डाली है। आप नेताओं ने अपनी पार्टी को वहां एक मजबूत विकल्प के रूप में बताया है। आम आदमी पार्टी ने अपने प्रदर्शन को महत्वपूर्ण बताते हुए भाजपा और कांग्रेस पर निशाना भी साधा है।

पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि राजस्थान में भी बदलाव की हवा चलने लगी है। उन्होंने बारां नगर परिषद में पार्टी के सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने का दावा किया है।

आम आदमी पार्टी के रूप में एक मजबूत विकल्प मौजूद: केजरीवाल

केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री के इलाके बारां में आम आदमी पार्टी की झाड़ू चली है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस की नीतियों से राजस्थान की जनता परेशान है और अब उसके सामने आम आदमी पार्टी के रूप में एक मजबूत विकल्प मौजूद है।

उन्होंने राजस्थान के सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति को लेकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का भी जिक्र किया। कहा कि भाजपा-कांग्रेस ने राज्य का बुरा हाल कर दिया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के गृह क्षेत्र बारां में पार्टी ने नगर परिषद में पूर्ण बहुमत हासिल किया है।

60 सीटों में से 32 पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की

उन्होंने बताया कि नगर परिषद की 60 सीटों में से 32 पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। ढांडा ने कहा कि बारां में पार्टी की जीत से स्पष्ट है कि केजरीवाल की विचारधारा राजस्थान समेत देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंच रही है। पिडावा नगर पालिका और झालरापाटन नगर पालिका में पार्टी के पांच-पांच प्रत्याशी विजयी हुए हैं। वहीं, झालावाड़ नगर परिषद में एक प्रत्याशी ने जीत हासिल की है।

यह भी पढ़ें- जैतपुर से आश्रम जाना है तो ध्यान दें! दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की एक लेन अगले आदेश तक बंद, एडवाइजरी जारी