बाहरी दिल्ली के अलीपुर में निर्माणाधीन इमारत का लिंटर गिरा, मची अफरातफरी; सभी मजदूर सुरक्षित
बाहरी दिल्ली के अलीपुर में रविवार सुबह एक निर्माणाधीन इमारत का लिंटर गिरने से अफरातफरी मच गई। हालांकि, पुलिस और ...और पढ़ें

अलीपुर में निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरा। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
अलीपुर में निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा ढहा।
शुरुआती आशंका के विपरीत, सभी मजदूर सुरक्षित मिले।
पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। अलीपुर इलाके में रविवार सुबह निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिरने से अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
शुरुआती सूचना में मलबे के नीचे पांच से छह लोगों के दबे होने की बात सामने आई थी, लेकिन जांच के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि हादसे में कोई व्यक्ति न तो मलबे में फंसा है और न ही किसी की मौत हुई है। सभी मजदूर सुरक्षित हैं।
पुलिस को निर्माणाधीन इमारत के ढहने की सूचना मिली
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11:03 बजे अलीपुर थाना पुलिस को निर्माणाधीन इमारत के ढहने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अलीपुर थाने का स्टाफ मौके पर पहुंचा। राहत कार्य के लिए चार एंबुलेंस, एक दमकल वाहन और डिजास्टर मैनेजमेंट की एक गाड़ी भी मौके पर भेजी गई।
हादसे के समय लिंटर डालने का काम किया जा रहा
जांच में सामने आया कि इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था और हादसे के समय लिंटर डालने का काम किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि लिंटर को सहारा देने के लिए लगाई गई बल्लियां खिसकने या गिरने के कारण निर्माणाधीन ढांचा अचानक ढह गया। घटना के समय कई मजदूर मौके पर काम कर रहे थे।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ मजदूरों से भी जानकारी ली। फिलहाल कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। पुलिस की ओर से घटना के कारणों और निर्माण स्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली की जेलों में मुलाकात जंगला की बदलेगी व्यवस्था, तिहाड़ से होगी शुरुआत
