गूगल मैप अपडेट होते ही बारापुला फ्लाईओवर पर जाम से राहत, एम्स जाने वालों की मुश्किलें बरकरार
गूगल मैप अपडेट होने से मयूर विहार से सराय काले खां तक बारापुला फ्लाईओवर पर जाम से राहत मिली है। ...और पढ़ें

बारापुला फेज-3 के मयूर विहार से एम्स जाने वाली लेन पर ट्रैफिक की स्थिति गूगल मैप पर अपडेट हो गई है। स्क्रीनशॉट
HighLights
गूगल मैप अपडेट से बारापुला फ्लाईओवर पर जाम कम हुआ।
मयूर विहार से सराय काले खां तक यातायात सुगम हुआ।
एम्स जाने वाले मार्गों पर अभी भी जाम की समस्या।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। बारापुला फेज-3 के मयूर विहार से एम्स जाने वाली लेन पर ट्रैफिक की स्थिति गूगल मैप पर अपडेट हो गई है। इसके चलते मयूर विहार से सराय काले खां तक बारापुला फ्लाईओवर पर जाम से राहत मिली है। वाहन चालक सराय काले खां के बाद जाम की स्थित रियल टाइम देख पा रहे हैं और उसके मुताबिक एनएच-24 व अन्य वैकल्पिक मार्गों का भी प्रयोग कर रहे हैं।
सराय काले खां से सनडायल लूप तक जाम का झंझट
हालांकि, एम्स जाने के लिए डीएनडी, दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे, आश्रम एक्सटेंशन फ्लाईओवर व महारानी बाग की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को सराय काले खां के पास स्लिप रोड पर जाने के लिए भीषण जाम का सामना करना पड़ रहा है। यही हाल सराय काले खां से सनडायल लूप होकर बारापुला फ्लाईओवर जाने वाले भी जाम में फंस रहे हैं।
पहले बारापुला फ्लाईओवर दिखाता था खाली
बता दें कि साढ़े तीन किलोमीटर का यह हिस्सा दक्षिणी दिल्ली को पूर्वी दिल्ली से जोड़ता है, जिसका उद्धाटन 29 सितंबर को गृहमंत्री अमित शाह ने किया था। गूगल मैप अपडेट न होने पर पीक समय यानी सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक लगने वाले भीषण जाम के बावजूद गूगल मैप बारापुला फ्लाईओवर को खाली दिखा रहा था। ड्राइवर्स भ्रम में यहां पहुंच रहे थे।
वाहनों को डीएनडी की ओर कर रहे डायवर्ट
मयूर विहार लाल बत्ती से सराय काले खां की तरफ आने वाले वाहन जाम में फंसने पर वापस मयूर विहार की तरफ लौटते हैं, जिसके चलते जाम की स्थिति और विकट होने लगती थी। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक नोएडा लिंक रोड यानी मयूर विहार से बारापुला फेज-3 की ओर आने वाले वाहनों को एनएच-24 (डीएनडी) की ओर डायवर्ट किया जा रहा था।
साढ़े तीन किलोमीटर के हिस्से में जाम से राहत
गूगल मैप अपडेट होने के बाद जाम लगने पर अब लोगों को रियल टाइम में वैकल्पिक मार्गों की सुझाव मिलने लगा है। इसके चलते मयूर विहार से सराय काले खां तक बारापुला फेज-3 के लगभग साढ़े तीन किलोमीटर के हिस्से में जाम से काफी राहत मिली है।
