34 मामलों में वांटेड बावरिया गैंग का इनामी बदमाश गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने पंजाब से दबोचा
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बावरिया गैंग के एक इनामी बदमाश को पंजाब से गिरफ्तार किया है. यह बदमाश 34 मामलों में वांटेड था और लंबे समय से पुलिस को ...और पढ़ें
-1765233721478.webp)
सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली और यूपी में दर्ज 34 आपराधिक मामलों में शामिल बावरिया गैंग के वांटेड इनामी बदमाश को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है। वह डकैती, झपटमारी और हत्या के छह मामलों में भगोड़ा घोषित और 12 से आपराधिक मामलों में वांटेड था।
उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। आरोपित की पहचान झिनझाना, यूपी के संजय उर्फ झल्लू के रूप में हुई है, जो अपने साथियों की मदद से संगठित क्राइम सिंडिकेट चलाता रहा था और मंडी गोविंदगढ़, पंजाब में छिपा हुआ पाया गया।
बदलता रहता था ठिकाने
उपायुक्त हर्ष इंदौरा के मुताबिक, एसीपी भगवती प्रसाद की देखरेख में और इंस्पेक्टर पवन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम आरोपित को दबाचने में लगी थी। सब इंस्पेक्टर राजाराम और हेड कांस्टेबल राहुल कुमार आरोपित की सही लोकेशन का पता लगाने में जुटे थे। जांच के दौरान पता चला कि वह यूपी के शामली, हरियाणा, पंजाब और दूसरे राज्यों के बीच घूमता रहता था।
लगातार दो सप्ताह उसकी लोकेशन ट्रेस करने पर पता चला कि पंजाब के गोविंदगढ़ मंडी में है। सूचना पर टीम पंजाब रवाना हुई और लोकल इंटेलिजेंस और टेक्निकल मदद से सात दिसंबर को छापेमारी करते हुए उसे घर से दबोच लिया गया।
2021 में जमानत पर हुआ था रिहा
पूछताछ में पता चला कि वर्ष 2019 में उसे और उसके साथियों अनुज और सोनू को गाजियाबाद में गिरफ्तार किया गया था। दिसंबर 2021 में, वह जमानत पर रिहा हुआ और फिर से झपटमारी और लूट करने लगा। 2022 में, उसे एक बार फिर गिरफ्तार किया गया और दिल्ली की जेल भेज दिया गया।
बाद में 2022 में, वह जेल से रिहा हो गया। इसके बाद, उसने फिर से अपने साथियों के साथ झपटमारी और डकैती की वारदातों में शामिल हो गया और कभी भी कोर्ट की सुनवाई में शामिल नहीं हुआ।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।