CBSE 10th Second Board Result 2026 का रिजल्ट जारी, जानिए कितने छात्रों ने सुधारे अपने नंबर; ऐसे देखें Result
सीबीएसई ने कक्षा 10 की दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजे घोषित कर दिए हैं, जिसे छात्र आधिकारिक वेबसाइट या डिजीलॉकर पर देख सकते हैं। ...और पढ़ें

छात्र अब अपने परिणाम आधिकारिक वेबसाइट या डिजीलॉकर ऐप के माध्यम से देख सकते हैं। एआई इमेज
HighLights
सीबीएसई ने 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजे घोषित किए।
छात्र अपने परिणाम आधिकारिक वेबसाइट या डिजीलॉकर पर देखें।
59.95% छात्रों ने इस परीक्षा में अपने प्रदर्शन में सुधार किया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शनिवार को कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजे घोषित कर दिए। छात्र अब अपने परिणाम आधिकारिक वेबसाइट या डिजीलॉकर ऐप के माध्यम से देख सकते हैं।
सीबीएसई ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत कक्षा 10 के छात्रों को एक शैक्षणिक वर्ष में दो बार बोर्ड परीक्षा देने का अवसर प्रदान किया है। मुख्य परीक्षा 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक आयोजित हुई थी, जबकि दूसरी परीक्षा 15 मई से 21 मई 2026 तक चली थी।
परीक्षा में पंजीकरण और उपस्थिति
बोर्ड के अनुसार, दूसरी परीक्षा के लिए कुल 6,64,027 उम्मीदवार पंजीकृत हुए थे, जिनमें से 6,63,777 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इस परीक्षा में अधिकांश छात्र मुख्य परीक्षा में अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए शामिल हुए थे। बता दें कि यह दूसरी परीक्षा छात्रों को बेहतर परिणाम हासिल करने का अतिरिक्त मौका प्रदान करती है।
प्रदर्शन में दिख रहा 59.95% सुधार
जिन 5,13,955 उम्मीदवारों ने सुधार के लिए परीक्षा दी, उनमें से 3,08,095 छात्रों ने अपना प्रदर्शन सुधारा है, जिसका आंकड़ा 59.95 प्रतिशत है। नियमित छात्रों के मामले में दोनों परीक्षाओं में बेहतर अंक वाले परिणाम को अंतिम रिजल्ट के लिए मान्य किया जाएगा।
छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी मार्कशीट डाउनलोड करने के लिए डिजीलॉकर या सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन करें।