दिल्ली: डेटिंग ऐप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर 500 महिलाओं से 2 करोड़ की ठगी, साइबर ठग गिरफ्तार
दक्षिणी पश्चिमी दिल्ली पुलिस ने एक शातिर साइबर ठग आनंद कुमार को गिरफ्तार किया है। उसने डेटिंग और मैट्रिमोनियल ऐप पर डॉक्टर, वकील जैसी फर्जी प्रोफाइल ब ...और पढ़ें

दक्षिणी पश्चिमी दिल्ली पुलिस ने एक शातिर साइबर ठग आनंद कुमार को गिरफ्तार किया है। फाइल फोटो
जागरण संवाददात, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी पश्चिमी जिले की साइबर थाने की टीम ने शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपित 24 परगना, बंगाल का रहने आनंद कुमार डेटिंग और मेट्रिमोनियल एप पर डाक्टर, प्रोड्यूसर, वकील, बिजनेसमैन आदि की नकली प्रोफाइल बनाकर 500 से अधिक महिलाओं को धोखा दे चुका है।
आर्थिक नुकसान का झांसा देने या निजी कंटेंट वायरल करने की धमकी देकर महिलाओं से लगभग दो करोड़ रुपये की ठगी की। उसके पास से चार स्मार्टफोन, आठ सिम कार्ड, तीन डेबिट कार्ड, चार सोने के ब्रेसलेट, पांच सोने की चेन बरामद किए हैं। वहीं ठगी से मिले पैसे का एक बड़ा हिस्सा उसने आनलाइन गेमिंग और निजी उपयोग में खर्च किए।
दक्षिणी पश्चिमी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विकास मीणा के मुताबिक एक पीड़िता ने शिकायत की थी कि ''वैभव अरोड़ा'' के नाम से चल रही एक नकली इंस्टाग्राम प्रोफाइल के जरिए उससे लगभग सात लाख की ठगी की गई है। डेटिंग एप पर दोस्ती बढ़ी। धीरे-धीरे उसने भावनात्मक रिश्ता बना लिया और शादी करने का वादा किया।
आरोपित ने ''आनंद'' नाम की एक और नकली पहचान बनाई, और दावा किया कि वह उसका करीबी दोस्त है जो शादी के प्रस्ताव के संबंध में परिवार की मुलाकात का इंतजाम करने में मदद करेगा। इसके बाद आरोपित ने मेडिकल इमरजेंसी और व्यापार में वित्तीय नुकसान के बारे में झूठी कहानियां गढ़ीं और आर्थिक मदद मांगी।
उसकी बातों में भरोसा करके पीड़िता ने लगभग सात लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब पैसे वापस मांगे तो आरोपित ने काल और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया। उसने वाट्सएप मैसेज के जरिए पीड़ित को झूठी जानकारी दी कि ''वैभव'' नाम के व्यक्ति की मौत हो गई है।
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए साइबर थाना एसएचओ प्रवेश कौशिक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। लगातार निगरानी और तकनीकी ट्रैकिंग से पता चला कि आरोपित से जुड़े दो मोबाइल नंबर बंगाल के 24 परगना क्षेत्र में सक्रिय थे। इसके आधार पर टीमों ने उस क्षेत्र में कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपित आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपित एक ही समय में कई फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग पहचान पर जारी किए गए कई सिम कार्ड का इस्तेमाल करने के साथ ही बार-बार मोबाइल बदलता था।
इंटरनेट मीडिया पर बना रखी थी कई पहचान
आरोपित आनंद कुमार ने इंटरनेट मीडिया और डेटिंग एप प्लेटफार्म पर वैभव अरोड़ा, डा. रोहित बहल, तरुण, आनंद शर्मा और शिखा जैसी कई फर्जी प्रोफाइल बनाई। दिल्ली और गाजियाबाद में इसी तरह के साइबर अपराध के मामलों में वह शामिल रहा है। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म समेत कई डेटिंग और मेट्रिमोनियल एप पर संभावित महिलाओं को सावधानी से चुनता था। कई मामलों में पीड़ितों को लुभाने के लिए शादी या माडलिंग
असाइनमेंट या प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में दाखिले का वादा करता। इतना ही नहीं आरोपित आनलाइन बातचीत के दौरान पीड़ितों द्वारा साझा की गई निजी तस्वीरें और वीडियो भी डाउनलोड करके रखता। बाद में इन सामग्रियों को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।