क्या दिल्ली के बैंकों में रहेगी तालाबंदी? आज से होनी थी हड़ताल, अब रातोंरात बदला फैसला
दिल्ली समेत देशभर के बैंकों में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल स्थगित कर दी गई है। ...और पढ़ें

बहादुर शाह जफर मार्ग स्थित सेंट्रल बैंक आफ इंडिया रविवार को खुला रहा , कुछ ही खाताधारक उपस्थित रहे । जागरण
HighLights
28 से 30 सितंबर की बैंक हड़ताल स्थगित हुई।
IBA और UFBU के बीच सहमति के बाद फैसला।
सोमवार से दिल्ली में बैंक सामान्य रूप से खुलेंगे।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। अगर आप सोमवार को बैंक जाने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए राहत की खबर है। दिल्ली समेत देशभर के बैंकों में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल अब नहीं होगी।
इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के बीच रविवार रात हुई बैठक में सहमति बनने के बाद हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है।
इसका मतलब है कि सोमवार 28 सितंबर को दिल्ली में बैंक हड़ताल के कारण बंद नहीं रहेंगे और शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहेगा। हालांकि, बैंक की सामान्य शाखा और स्थानीय स्तर पर घोषित अवकाश आदि के नियम अलग हो सकते हैं।
पांच दिवसीय बैंकिंग समेत कई मांगों पर बनी सहमति
UFBU ने सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, पेंशन लाभों में सुधार, सभी पेंशनभोगियों के लिए समान महंगाई भत्ता (DA) फॉर्मूला और NPS के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) में जाने का विकल्प देने समेत कई मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी हड़ताल का एलान किया था।
यह भी पढ़ें- तीन दिन की बैंक हड़ताल स्थगित, निकाय और यूनियनों के बीच बातचीत के बाद लिया गया फैसला
रविवार रात IBA और UFBU के बीच हुई बैठक में तय हुआ कि बाकी बचे सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने की मांग पर चर्चा के लिए दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों वाली एक उच्चस्तरीय समिति का तत्काल गठन किया जाएगा। समिति सभी संबंधित पक्षों से बातचीत कर स्वीकार्य समाधान तलाशेगी।
PLI को लेकर भी आगे होगी बातचीत
स्केल IV और उससे ऊपर के बैंक अधिकारियों के लिए परफॉरमेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच चर्चा हुई। IBA यूनियनों और एसोसिएशनों की ओर से उठाई गई आपत्तियों को दूर करने के लिए सरकार के समक्ष संशोधन का प्रस्ताव भेजने और इस पर आगे बातचीत करने के लिए तैयार हुआ है।
इसके अलावा 8 मार्च 2024 के कार्यवृत्त में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी जल्द समाधान निकालने के लिए बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी।
रविवार को क्यों खुले थे दिल्ली के बैंक?
तीन दिवसीय हड़ताल की आशंका को देखते हुए बैंकिंग सेवाओं में लंबे व्यवधान से बचने के लिए रविवार को भी कई बैंक शाखाओं में कामकाज हुआ। दिल्ली में चांदनी चौक जैसे थोक बाजार और इंडिया गेट, बाराखंभा रोड जैसे कार्यालय क्षेत्रों में भी बैंककर्मी पहुंचे, हालांकि ग्राहकों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रही।
अब UFBU की ओर से हड़ताल स्थगित किए जाने के बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंकों में प्रस्तावित बंदी नहीं होगी। यानी सोमवार से बैंक शाखाओं के कामकाज पर हड़ताल का असर नहीं पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- बैंक कर्मचारियों की तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल स्थगित, आईबीए और यूएफबीयू में बनी सहमति
