दिल्लीवालों को बड़ी राहत: आउटर रिंग रोड को जाम मुक्त करने का प्लान तैयार, मोदी मिल फ्लाईओवर का होगा विस्तार
दिल्ली सरकार दक्षिणी दिल्ली में मोदी मिल फ्लाईओवर को कालकाजी, नेहरू प्लेस और सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर तक विस्तारित करने पर विचार कर सकती है।
-1789355959475_m.webp)
एलिवेटेड रोड की संभावना पर सरकार कर सकती है विचार। AI जनरेटेड
HighLights
मोदी मिल फ्लाईओवर को सावित्री सिनेमा तक बढ़ाने की योजना।
दक्षिणी दिल्ली में भीषण ट्रैफिक जाम कम करने का लक्ष्य।
मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा दीर्घकालिक समाधान का प्रस्ताव।
मुहम्मद रईस, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में मोदी मिल फ्लाईओवर को कालकाजी फ्लाईओवर से जोड़ने के साथ ही आगे बढ़ाते हुए नेहरू प्लेस और सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर तक विस्तार देने पर दिल्ली सरकार विचार कर सकती है।
आउटर रिंग रोड पर भैरव मंदिर, सीएनजी पंप और नेहरू प्लेस फ्लाईओवर के आगे तक आए दिन लगने वाले भीषण जाम को देखते हुए ट्रैफिक विभाग ने पीडब्ल्यूडी को सुझाव दिया था।
जाम मुक्त बनाने की योजना
स्थानीय विधायक व जिला विकास समिति की अध्यक्ष शिखा राय ने अब दावा किया है कि मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखा जाएगा। इलाके को जाम मुक्त बनाने की दीर्घकालीन योजना पर बात की जाएगी।
पीडब्ल्यूडी की टीम की रिपोर्ट के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता व पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा स्थलीय निरीक्षण कर संभावनाओं को लेकर ठोस निर्णय ले सकते हैं।

काम एक महीने पहले शुरू हो चुका
बता दें कि सिंगल लेन वाले कालकाजी फ्लाईओवर की दूसरी लेन बनाने के साथ ही इसके मोदी मिल तक विस्तार का काम एक महीने पहले शुरू हो चुका है। इस परियोजना पर 312.94 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं 435 मीटर लंबे सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर की दूसरी लेन का काम भी जल्द शुरू होगा, जिस पर 58.81 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
ट्रैफिक विभाग ने आगाह किया है कि कालकाजी फ्लाईओवर को मोदी मिल से जोड़ने से दक्षिणी दिल्ली के इस हिस्से में लगने वाले जाम को कम करने में ज्यादा मदद नहीं मिलेगी।
कालकाजी फ्लाईओवर के आगे भैरव मंदिर के पास बाटलनेक है। मां आनंदमयी मार्ग, मोदी मिल और नेहरू प्लेस से यूटर्न लेकर आने वाला ट्रैफिक एक साथ आगे बढ़ता है। दोनों फ्लाईओवर जोड़ने को बाद भी यही स्थिति रहने वाली है।
भैरव मंदिर के पास दर्शनार्थियों के वाहन पार्क रहने के चलते चार लेन की सड़क एक से डेढ़ लेन ही बचती है। वहीं इसके ठीक आगे तीन-तीन पेट्रोल पंप और उन पर सीएनजी के लिए वाहनों की लंबी कतार भी लगभग 300 मीटर तक बाटलनेक की स्थिति बनाए रखती है।
नेहरू प्लेस और सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर से जोड़ने की मांग
मोदी मिल से चिराग दिल्ली की दूरी लगभग चार किलोमीटर है। मोदी मिल फ्लाईओवर को कालकाजी फ्लाईओवर तक विस्तार दिया जा रहा है। वहीं सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर की दूसरी लेन का भी काम जल्द ही शुरू होगा।
वहीं, बीच में बचे लगभग दो किलोमीटर में से आधा किलोमीटर नेहरू प्लेस फ्लाईओवर एलिवेटेड है। अब कालकाजी से नेहरू प्लेस फ्लाईओवर जोड़ने और नेहरू प्लेस को सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर तक विस्तार देने की मांग की जा रही है।
भैरव मंदिर के पास जाम की पुरानी समस्या है। सीआर पार्क और सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर के पास भी जाम की स्थित बनी रहती है। इन क्षेत्रों को जाम से राहत दिलाने के लिए ट्रैफिक विभाग का सुझाव स्वागत योग्य है। संभावना को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता व पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा के समक्ष बात रखी जाएगी। - शिखा राय, विधायक एवं जिला विकास समिति (दक्षिण जिला) की अध्यक्ष
यह भी पढ़ें- 112 करोड़ से बनेगा 12 मंजिला आधुनिक मुख्यालय, दिल्ली में DPCC को मिलेगा नया ठिकाना; खास सविधाओं से होगा लैस
