NGO की गतिविधियों से देश को खतरे का सुबूत नहीं, दिल्ली HC ने रद किया केंद्र का FCRA लाइसेंस कैंसिल करने का आदेश
दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार द्वारा गैर सरकारी संगठन SLIC का FCRA लाइसेंस रद करने के आदेश को खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि संगठन की गतिविधियों से देश को खतरा होने का कोई ठोस सबूत नहीं है और यह आदेश गैर-कानूनी व कठोर था।

पीठ ने कहा कि रिकाॅर्ड में ऐसा कोई सुबूत नहीं है, जिससे लगे कि एसएलआइसी की गतिविधियों से देश की संप्रभुता, अखंडता, सुरक्षा या जनहित को नुकसान हो सकता है।
HighLights
दिल्ली हाई कोर्ट ने FCRA लाइसेंस रद्द करने का आदेश खारिज किया।
केंद्र सरकार का आदेश गैर-कानूनी और अत्यधिक कठोर बताया गया।
NGO की गतिविधियों से देश को खतरा होने का सबूत नहीं मिला।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। गैर सरकारी संगठन सोशियो लीगल इन्फाॅर्मेशन सेंटर (एसएलआईसी) का विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) लाइसेंस रद करने संबंधी केंद्र सरकार का आदेश दिल्ली हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया।
न्यायमूर्ति अनूप जयराम भंभानी की पीठ ने कहा कि संगठन के सरकार विरोधी आक्रामक राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप ठोस सुबूतों पर आधारित नहीं है। आदेश को गैर-कानूनी और जरूरत से ज्यादा कठोर बताते हुए पीठ ने कहा कि रिकाॅर्ड में ऐसा कोई सुबूत नहीं है, जिससे लगे कि एसएलआइसी की गतिविधियों से देश की संप्रभुता, अखंडता, सुरक्षा या जनहित को नुकसान हो सकता है।
पीठ ने कहा कि संवैधानिक व्यवस्था के तहत पीड़ितों को अदालतों और वैधानिक आयोगों तक पहुंचने में मदद करना अपने आप में राजनीतिक गतिविधि नहीं है। अदालत ने कहा कि एनजीओ ने विदेशी फंड का इस्तेमाल कानूनी सहायता और सामाजिक कल्याण जैसे घोषित उद्देश्यों के लिए किया।
गृह मंत्रालय ने पंजीकरण रद करने जैसे कठोर कदम की ठोस वजह नहीं बताई। अदालत ने उक्त आदेश एनजीओ की याचिका पर दिया। याचिका में गृह मंत्रालय के अक्टूबर 2022 के आदेश को चुनौती दी थी। उसने देशभर के कई बैंकों में विदेशी अंशदान और अन्य उपयोग खातों को फ्रीज किए जाने पर भी सवाल उठाया था।