नरेला: फ्लैट में मिले दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल और पत्नी के शव, हत्या के बाद खुदकुशी का शक
नरेला के महादेव अपार्टमेंट में दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल और उनकी पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

HighLights
नरेला में हेड कांस्टेबल और पत्नी की संदिग्ध मौत।
पत्नी के सिर पर चोट, हत्या-आत्महत्या की आशंका।
पुलिस और फोरेंसिक टीम कर रही है जांच।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। नरेला के महादेव अपार्टमेंट में शनिवार को दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल और उनकी पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया।
दोनों के शव फ्लैट के अंदर मिलने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार दोपहर दंपती के बच्चे स्कूल से घर लौटे थे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद बच्चों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिसकर्मियों ने फ्लैट का दरवाजा खोलकर अंदर जांच की तो दोनों के शव मिले। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर चोट के निशान होने की बात सामने आई है।
दिल्ली पुलिस इन पहलुओं पर कर रही जांच
पुलिस इस आशंका समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है कि पहले पत्नी की हत्या की गई और उसके बाद हेड कांस्टेबल ने आत्महत्या की।
हालांकि, अभी पुलिस ने इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था या मौत के पीछे कोई अन्य वजह थी।
मृतक मूलरूप से उत्तर प्रदेश के शामली का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी वर्तमान तैनाती और अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
