रोड रेज विवाद में मर्डर, दिल्ली के शकूरपुर में युवक की गर्दन पर चाकू से वार कर ली जान; आरोपी फरार
दिल्ली के शकूरपुर जेजे कॉलोनी में रोड रेज की एक दर्दनाक घटना में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। तेज रफ्तार गाड़ी चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने योगेश पर हमला किया और फरार हो गए।

मृतक योगेश। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
दिल्ली के शकूरपुर जेजे कॉलोनी में रोड रेज में हत्या।
तेज रफ्तार गाड़ी चलाने को लेकर हुआ था विवाद।
आरोपी फरार, पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में गाड़ियों की टक्कर हो जाने पर छोटी-छोटी बातों पर लोग एक दूसरे को मरने मारने पर उतारू हो जाते हैं।
वहीं, ताजा मामले में उत्तर-पश्चिम जिला के शकूरपुर जेजे कॉलोनी इलाके में रोड रेज की एक दर्दनाक घटना में 28 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान योगेश के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ शकूरपुर जेजे कालोनी में ही रहता था। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं, पुलिस अब तक किसी को भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
डीसीपी के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात करीब 1 बजे जी-ब्लाक रोड पर हुई। योगेश अपने दोस्तों के साथ सड़क किनारे खड़ा था, तभी एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही कार उसके पास से गुजरी।
आरोपी मौके से फरार हो गए
कार में सवार लोगों की इस हरकत को लेकर योगेश और उनके बीच बहस शुरू हो गई। योगेश ने कार ड्राइवर से गाड़ी धीमी और सही तरीके से चलाने को कहा। इसी बात पर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि कार सवार युवकों में एक ने योगेश की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। उसके घायल होकर सड़क पर गिरने के बाद कार से सभी आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए।
वहीं, किसी राहगीर ने योगेश को अपनी कार में डाल पास के एक अस्पताल में लेजाकर भर्ती करा दिया वहां से पुलिस को सूचना मिली कि गर्दन में चाकू लगने से घायल एक युवक की मौत हो गई है।
कार में सवार थे 7 लोग
योगेश के भाई शिवा ने पुलिस को दि बयान में बताया कि कार ड्राइवर गलत दिशा से बेहद तेज गति में गाड़ी चलाते हुए आ रहा था। कार में करीब सात लोग सवार थे। जब योगेश ने उन्हें सही ढंग से गाड़ी चलाने की नसीहत दी तब युवकों ने उसे रास्ते से हटने को कहा और सार्वजनिक सड़क होने की बात कहने पर गाली-गलौज शुरू कर दी।
योगेश पर चाकू से किया हमला
शिवा का आरोप है कि ड्राइवर पहले तो कार लेकर आगे बढ़ गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद यू-टर्न लेकर वह वापस मौके पर आ गया। वहां आते ही सभी युवक कार से बाहर आ गए और योगेश की पिटाई शुरू कर दी। पिटाई के दौरान ही एक ने चाकू निकाल योगेश पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के वक्त शिवा भी पास में मौजूद था।
परिजन ने बताया कि योगेश कर्मचारी चयन आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए वह स्कूली बच्चों की वैन चलाने का काम भी करता था।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि योगेश और आरोपी एक ही इलाके के रहने वाले हैं और पहले से एक-दूसरे को जानते थे। कार सवार सभी युवकों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें छापामारी कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।