पाकिस्तान और दुबई के नंबरों से काॅल कर 10 गुना मुनाफे का दिया झांसा, दिल्ली की महिला से 13 लाख की ठगी
पाकिस्तान और दुबई के नंबरों से कॉल कर ऑनलाइन निवेश में बड़े मुनाफे का झांसा देकर दिल्ली की एक महिला ...और पढ़ें

पांच से दस गुना मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उत्तम नगर वेस्ट निवासी महिला से करीब 13 लाख रुपये ठग लिए। एआई इमेज
HighLights
पाकिस्तान-दुबई नंबरों से कॉल कर ऑनलाइन निवेश का झांसा दिया।
छोटी रकम पर मुनाफा देकर महिला का विश्वास जीता गया।
13 लाख रुपये ठगने के बाद अकाउंट ब्लॉक कर दिया।
मुकेश ठाकुर, पश्चिमी दिल्ली। पाकिस्तान और दुबई के नंबरों से काॅल कर ऑनलाइन निवेश में पांच से दस गुना मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उत्तम नगर वेस्ट निवासी महिला से करीब 13 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने शुरुआत में छोटी रकम निवेश करवाकर उसे मुनाफे के साथ वापस कर दिया, जिससे महिला का भरोसा जीत लिया।
रकम निकालने की कोशिश करते ही अकाउंट किया ब्लॉक
विश्वास पक्का करने के बाद बड़ी रकम निवेश कराने पर वेबसाइट पर 18 लाख रुपये का बैलेंस दिखाया, लेकिन रकम निकालने की कोशिश करते ही अकाउंट ब्लाॅक कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर द्वारका जिला साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी ने लोगों से विदेश से आने वाले नंबरों की काॅल और ऑनलाइन निवेश के झांसे में नहीं आने की अपील की है।
मुनाफा दिखाने के लिए वेबसाइट पर कराया विजिट
पीड़िता द्वारा पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, आनंद विहार काॅलोनी, उत्तम नगर निवासी धनेश्वरी कुमारी के मोबाइल पर एक मैसेज आया था। इसमें लिंक दिया गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके पास 92 और 97 से शुरू होने वाले विदेशी नंबरों से काॅल आने लगे।
काॅल करने वालों ने ऑनलाइन निवेश की वेबसाइट के बारे में बताया और दावा किया कि निवेश की रकम पांच से दस गुना तक बढ़ाई जा सकती है और जमा करने वाले जब चाहे अपनी पूरी रकम हुए मुनाफा के साथ निकाल सकते हैं।
क्यूआर कोड पर 13 लाख रुपये ट्रांसफर किए
महिला ने वेबसाइट पर दिए पेमेंट लिंक के माध्यम से छोटी रकम जमा करनी शुरू की। शुरुआत में पांच हजार रुपये निवेश करने पर उन्हें बेहतर रिटर्न के साथ रकम वापस मिल गई। रुपये वापस मिलने से उन्होंने उन पर विश्वास कर लिया और मोटा मुनाफा कमाने के लालच में उन्होंने अलग-अलग समय पर ठगों द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड के माध्यम से करीब 13 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये ट्रांसफर होते ही वेबसाइट पर उनका बैलेंस बढ़कर करीब 18 लाख रुपये दिखने लगा।
साइबर क्राइम टीम ने शुरू की जांच
इसके बाद जब महिला ने बैलेंस से 50 हजार रुपये निकालने का प्रयास किया तो वेबसाइट पर तकनीकी समस्या बताई गई। कई बार कोशिश करने के बावजूद रकम नहीं निकली। शिकायत करने पर हर बार जल्द तकनीकी समस्या बताकर उन्हें टाला जाने लगा। कुछ दिनों बाद ठगों ने उनका अकाउंट ब्लाक कर दिया।
इसके बाद पीड़िता ने साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर द्वारका साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ठगी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।