DUSU Election 2026 Live: DU के कॉलेजों के आए रिजल्ट, अरबिंदो से लेकर रामजस तक किनके सिर सजा ताज?
DUSU Election 2026 Live Updates: दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव शुरू हो चुका है। सभी कॉलेजों में मतदान के विस्तृत तैयारियां की गई हैं।

आचार संहिता की
दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव जारी है। दक्षिण दिल्ली के ज्यादातर कॉलेज में जहां मतदान संपन्न हो गया है, वहीं अन्य कॉलेजों में मतदान जारी है। हाई कोर्ट की तमाम चेतावनियों के बाद भी आज तमाम कॉलेजों में आचार संहिता की धज्जियां उड़ती देखी गईं। एक ओर जहां कॉलेज के बाहर की सड़कें पर्चियों से पटी पड़ी थीं, वहीं कहीं आतिशबाजी, नारेबाजी और बागी उम्मीदवार के कारनामे सामने आए। पढ़ें पल-पल के अपडेट्स...
आज होगी मतगणना
डूसू चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के चार केंद्रीय पदों के लिए मतदान हुआ। एबीवीपी, एनएसयूआइ, आइसा-एसएफआइ गठबंधन, एएसएपी और निर्दलीय प्रत्याशी समेत कुल 20 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। शनिवार को डीयू के खेल स्टेडियम के मल्टीपर्पज हाल में मतगणना होगी। इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। डीयू इस मतगणना की वीडियोग्राफी भी कराएगा।
किरोड़ीमल कालेज में विरोध
मतदान के दौरान किरोड़ीमल कालेज में एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं के प्रवेश को लेकर एबीवीपी ने विरोध जताया। एबीवीपी की ओर से आरोप लगाया गया कि एनएसयूआई से जुड़े कार्यकर्ता मतदान परिसर में पहुंचे थे। इसके बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। इसके अलावा किसी बड़े विवाद की सूचना नहीं है।
बैरिकेडिंग और तलाशी के बीच मतदान
डीयू के दोनों परिसरों में पुलिस और अर्धसैनिक बल के दो हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई थी। कॉलेजों के बाहर बैरिकेडिंग कर छात्रों की तलाशी ली गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुनाव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी। पोलिंग सेंटर पर दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के बड़ी संख्या में जवान तैनात किए गए हैं।
क्या बोलीं हंसराज कॉलेज की प्राचार्य?
हंसराज कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रो. रमा ने बताया कि बैलेट पेपर से मतदान कराने का उद्देश्य प्रक्रिया को सुचारू रखना था। इसमें तकनीकी खराबी की आशंका नहीं रहती और मतदान कम समय में पूरा कराने में मदद मिल सकती है। प्रशासन ने छात्र मार्ग, प्रोबाइन रोड और यूनिवर्सिटी रोड जैसे प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है।
10 कालेजों में बैलेट, बाकी में ईवीएम
डूसू चुनाव में इस बार मतदान के लिए बैलेट पेपर और ईवीएम दोनों का इस्तेमाल किया गया। विश्वविद्यालय के 10 कॉलेजों में बैलेट पेपर के जरिए मतदान कराया गया, जबकि अन्य कॉलेजों में ईवीएम से वोट डाले गए। पहले विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए ईवीएम समेत कुल एक हाजर मशीनों के माध्यम से मतदान कराने की योजना बनाई थी।
हालांकि, कुछ कॉलेजों में कॉलेज प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया गया। वहीं रामजस कॉलेज, मिरांडा हाउस, दौलत राम कॉलेज, किरोड़ीमल कॉलेज और एसआरसीसी कॉलेज के बाहर छात्रों की लंबी कतार देखने को मिली। छात्र व छात्राएं बढ़चढ़कर लोकतंत्र में अपना योगदान दे रहे थे।
सुबह के कॉलेजों में 8.30 बजे से शुरू हुई थी वोटिंग
सुबह के कालेजों के लिए वोटिंग सुबह 8:30 बजे शुरू हुई थी, दोपहर एक बजे खत्म हो गई। शाम के कालेजों के लिए वोटिंग दोपहर तीन बजे से शाम 7:30 बजे तक चली।
अभी और बढ़ेगा आंकड़ा
हालांकि, शाम सात बजे के आंकड़े अंतिम नहीं हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अंतिम मतदान प्रतिशत जारी होने के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ होगी। इस बार वोट डालने वाले दूसरे, तीसरे और चौथे वर्ष के छात्रों के मुकाबले पहले वर्ष के छात्रों ने अधिक मतदान किया। डूसू चुनाव के लिए 158 मतदान बूथ और 52 केंद्र बनाए गए थे। कुल 1,51,842 छात्र वोट डालने के लिए योग्य थे।
मतदान प्रतिशत 39.78 तक पहुंचा
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में इस बार छात्रों का उत्साह पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक दिखाई दिया। शुक्रवार को शाम सात बजे तक 39.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वर्ष 2025 में 39.45 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस लिहाज से इस बार मतदान प्रतिशत में 0.33 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, वर्ष 2024 के 29.7 % की तुलना में करीब 10 प्रतिशत मतदानबढ़ा है।
रामजस कॉलेज के नतीजे
अध्यक्ष: युवराज ओला
उपाध्यक्ष: जय शर्मा
सचिव: वंश सिरोही
सह-सचिव: वीरराघव सिंह
कोषाध्यक्ष (Treasurer): हिमांशी जोशी
सांस्कृतिक प्रभारी (Cultural In-Charge): दिया यादव
केंद्रीय काउंसिलर्स (केंद्रीय पार्षद): गुलशन पटेल एवं अंबिका
कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज के क्या रहे नतीजे?
अध्यक्ष: यश सिंघल
उपाध्यक्ष: अचल गुप्ता
सचिव: अनुज गुप्ता
सह-सचिव: कोहाना
केंद्रीय काउंसिलर्स (केंद्रीय पार्षद): लकी एवं निक मंधारी
आर्यभट्ट कॉलेज के विजेता कौन?
अध्यक्ष: कुणाल
सचिव: प्रगति मिश्रा
डूसू केंद्रीय पार्षद (DUSU CC): दक्ष चौधरी एवं देवांश सैनी
दयाल सिंह इवनिंग कॉलेज में कौन बना विजेता?
अध्यक्ष: गर्व खारी
उपाध्यक्ष: भविष्य सेजवाल
सचिव: प्रियांशु सिंह
सह-सचिव: हार्दिक पंवार
केंद्रीय काउंसिलर्स (केंद्रीय पार्षद): शिवम भंडारी एवं जय बसिस्ता
राजधानी कॉलेज के विजेता कौन?
अध्यक्ष: हर्ष भारद्वाज
उपाध्यक्ष: देवेश यादव
सचिव: एकता गुप्ता
सह-सचिव: आदित्य मान
कैंपस लॉ सेंटर में कौन जीता?
अध्यक्ष: शिवांश मिश्रा
उपाध्यक्ष: तनु यादव
सचिव: कार्तिक रस्तोगी
सह-सचिव: सचिन कन्नौजिया (निर्विरोध)
केंद्रीय पार्षद 1 (CC 1): स्नेहा डांगी
केंद्रीय पार्षद 2 (CC 2): सोनू दहिया
जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज का कौन सिकंदर?
अध्यक्ष: अर्नव यादव
उपाध्यक्ष: मोहम्मद याह्या
सचिव: मोहम्मद हम्माद
सह-सचिव: जितेंद्र कुमार
केंद्रीय काउंसिलर्स (केंद्रीय पार्षद): आरव यादव एवं मोहम्मद जुनैद
महाराजा अग्रसेन कॉलेज में किसने मारी बाजी?
अध्यक्ष: निहारिका यादव
उपाध्यक्ष: प्रियांशी त्यागी
महासचिव: शालिक यादव
सह-सचिव: सिद्धार्थ शर्मा
सचिव (महिला विकास): मुस्कान गोयल
सचिव (समाज कल्याण): नेहा
रामानुजन कॉलेज किसके सिर सजा जीत का सेहरा?
अध्यक्ष: राधिका बसिस्ता
उपाध्यक्ष: सांझ साधू
सचिव: हर्ष राज
सह-सचिव: यशवर्धन सराफ
केंद्रीय काउंसिलर्स (केंद्रीय पार्षद): निखिल एवं विश्वजीत खटाना
ARSD का रिजल्ट
अध्यक्ष: रितेश यादव
उपाध्यक्ष: योगेश यादव
सचिव: हितेश कुमार
सह-सचिव: अर्श सतसंगी
केंद्रीय पार्षद (CC): आरोही
केंद्रीय पार्षद (CC): जितेश
मोतीलाल नेहरू कॉलेज में किसकी जीत?
अध्यक्ष: ध्रुव सिंह भाटी
सचिव: तन्मय शर्मा
सह-सचिव: अर्पिता
केंद्रीय पार्षद 1 (CC 1): समीर
केंद्रीय पार्षद 2 (CC 2): आकाश मीणा
देशबंधु कॉलेज में किसके सिर सजा ताज?
अध्यक्ष: कार्तिक चौधरी
उपाध्यक्ष: तनीषा यादव
सचिव: प्रिंस यादव
सह-सचिव: अजीत सिंह राठौड़
केंद्रीय पार्षद 1 (CC 1): मोहम्मद जीशान
केंद्रीय पार्षद 2 (CC 2): निखिल तोमर
DUSU Result: SGBT खालसा कॉलेज में किसने मारी बाजी?
अध्यक्ष: दिव्यांश केसरवानी
उपाध्यक्ष: शिवांगी चौहान
सचिव: अमनजोत सिंह
सह-सचिव: वंशिका सिंह
केंद्रीय काउंसिलर्स (केंद्रीय पार्षद): अंशदीप सिंह एवं एकलव्य त्यागी
शहीद भगत सिंह महाविद्यालय का परिणाम
अध्यक्ष- दिव्य राजपाल
उपाध्यक्ष- ऋषित शर्मा
सचिव- मोहन लाल
सह-सचिव- कैरव शर्मा
केंद्रीय पार्षद-1 गार्गी शर्मा
केंद्रीय पार्षद-2 हर्षना कुमारी
विवेकानंद कॉलेज में कौन बना विजयी?
अध्यक्ष: आशीष चौधरी
उपाध्यक्ष: कुमारी एकता
सचिव: कोमल
सह-सचिव: निकिता
कोषाध्यक्ष: भूमि चौधरी
केंद्रीय काउंसिलर्स (केंद्रीय पार्षद): नितिका शर्मा एवं रिधिमा वर्मा
PGDAV कॉलेज में कौन जीता?
अध्यक्ष: भारत बिधूड़ी
उपाध्यक्ष: जाह्नवी (Janyi)
सचिव: गरिमा डावरा
सह-सचिव: बादल कुमार सिंह
केंद्रीय काउंसिलर्स (केंद्रीय पार्षद): लविश चौधरी एवं जय कुमार लोहिया
श्याम लाल कॉलेज का चुनाव परिणाम
अध्यक्ष: विशाल
उपाध्यक्ष: अनिरुद्ध शर्मा
सचिव: आदित्य चौहान
सह-सचिव: दिशा
कोषाध्यक्ष: महक
केंद्रीय काउंसिलर्स (केंद्रीय पार्षद): तुषार डागर एवं यश कुमार
एबीवीपी समर्थित छात्रों का अदिति महाविद्यालय में क्लीन स्वीप
अदिति महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सभी पदों पर भारी मतों से जीत हासिल की है।
अरविंदो कॉलेज में किसने मारी बाजी?
एबीवीपी समर्थित छात्रों का क्लीन स्वीप का सिलसिला जारी है और अरविंदो कॉलेज मॉर्निंग में भी एबीवीपी के समर्थन से चुनाव लड़ रहे छात्रों ने जीत हासिल की है।
भारती महाविद्यालय में कौन विजयी?

भारती महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद समर्थित छात्रों ने 8-0 से क्लीन स्वीप किया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भारती महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में सभी 8 पदों पर प्रचंड जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है।
डूसू चुनाव: मिरांडा हाउस में 32 प्रतिशत मतदान
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) 2026 चुनाव में मिरांडा हाउस की छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ मतदान किया। छात्राओं ने डूसू के साथ साथ कॉलेज स्टूडेंट्स यूनियन के लिए भी वोट डाले। 32 प्रतिशत मतदान हुआ।
सुबह साढ़े 8 बजे से कॉलेज परिसर में वोटिंग शुरू हुई। कॉलेज की प्राचार्या प्रो.(डॉ.) बिजयालक्ष्मी नंदा ने बताया कि मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। वोट डालने के लिए छात्राओं में भरपूर उत्साह दिखा।
उल्लेखनीय है कि मिरांडा हाउस ने विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार कॉलेज में दो वॉल ऑफ डेमोक्रेसी बनाई थी-एक कॉलेज के लिए और दूसरा डूसू के लिए। इस बोर्ड पर सभी छात्र संगठन और प्रत्याशियों ने अपने पोस्टर और बैनर्स के माध्यम से प्रचार किया ।
लड़कियों ने क्या रखी मांग?
कुछ लड़कियों ने खेल मैदान में भागीदारी बढ़ाने, उन्हें खेलने का मौका देने, खेल सुविधाओं का विकास होने की मांग की है। जबकि, कई ने बेहतर पुस्तकालयों की मांग मतदान के मुद्दों में शामिल किया है।
सुरक्षा से लेकर सुविधा तक, लड़कियों मांगे अपना हक
डीयू छात्रसंघ चुनाव में आधी आबादी ने बढ़चढ़ कर मतदान किया। उनके मतदान करने के मुद्दों में साफ सुथरा शौचालय, स्वच्छ पीने का पानी तथा सार्वजनिक परिवहन सुविधा समेत अन्य व्यवस्थाओं के मुद्दे रहे। तो कई ने महिला सुरक्षा, स्ट्रीट लाइट्स, अधिक पुलिसकर्मी और गार्ड्स की तैनाती के साथ महिला कालेज में असामाजिक तत्वों के प्रवेश पर पाबंदी की मांग पर मतदान किया।
सेल्फी प्वाइंट पर खूब खिंची फोटो

हंसराज कॉलेज में वोट डालने के बाद सेल्फी प्वाइंट पर छात्र-छात्राओं ने खूब फोटो खिंचवाई। सिर्फ हंसराज ही नहीं अन्य कॉलेजों में बने सेल्फी प्वाइंट पर काफी भीड़ और उत्साह देखा गया।
विवेकानंद कॉलेज के पास भी खूब उड़े पर्चे

डीयू के अन्य कॉलेजों की तरह विवेकानंद कॉलेज के पास भी समर्थकों को पर्चा उड़ाते देखा गया।
दक्षिण दिल्ली के कॉलेजों में मतदान संपन्न, जमकर उड़े पर्चे

दक्षिणी दिल्ली के कॉलेजों में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव (डूसू) के लिए चुनाव संपन्न हो गए हैं। मॉर्निंग कॉलेजों में दोपहर एक बजे तक चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई। मतदान के बाद कॉलेजों में चुनावी नियमों की जमकर धज्जियां उड़ीं। समर्थक बड़ी संख्या में कॉलेजों के बाहर जुटे और पर्चे उड़ाए। कॉलेजों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा।
श्यामलाल कॉलेज के बाहर हुई आतिशबाजी

श्यालाल कॉलेज के पास न सिर्फ समर्थकों को पर्चे उड़ाते देखा गया बल्कि आतिशबाजी करते भी नजर आ रहे हैं और इस तरह से हाई कोर्ट के आदेशों की सरेआम धज्जियां उड़ रही हैं।
ईवीएम द्वारा चल रहा शांतिपूर्ण मतदान
दिल्ली विश्वविद्यालय में कड़ी सुरक्षा के बीच छात्र ईवीएम द्वारा वोटिंग कर रहे हैं। वोटिंग परिसर में मोबाइल प्रतिबंधित है। सभी कॉलेज के लगभग चार कक्ष में पोलिंग बूथ और वेटिंग एरिया बनाया गया है और सीसीटीवी कैमरा और सभी पार्टी के पोलिंग एजेंट मौजूद हैं।
DUSU Election 2026 Live: चुनाव आयोग से हुई शिकायत
एनएसयूआई का बागी उम्मीदवार गलत पर्ची बांटते हुए पकड़ा गया है, जिसमें ऊपर Vote for ABVP लिखा है और अध्यक्ष और सह सचिव में विजय शंकर मीणा और सह सचिव पद पर विशेष यादव लिखा है। यह बेहद शर्मनाक है और उसे पुलिस को सौंप दिया गया है, इसपर कार्रवाई की मांग करते हैं।इसकी चुनाव आयोग को शिकायत की गई है। कार्रवाई हो सकती है।
NSUI के बागी उम्मीदवार की फर्जीवाड़े की साजिश बेनकाब
दयाल सिंह कॉलेज में एनएसयूआई (NSUI) के बागी निर्दलीय उम्मीदवार द्वारा अभाविप (ABVP) के नाम से गलत पर्चियां छपवाकर बांटने का गंभीर मामला सामने आया है। छात्रों में भ्रम फैलाने की नीयत से उपाध्यक्ष पद के इस उम्मीदवार ने नियमों के विपरीत पर्ची पर अपना नाम सबसे ऊपर रखा था। कॉलेज परिसर में ऐसी फर्जी सामग्री बांटते हुए दो लोगों को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया है। इसके पूर्व भी एक व्यक्ति को पुलिस को सौंपा गया है।
आचार संहिता का हो रहा उल्लंघन

हाईकोर्ट में कल डूसू चुनाव में आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर सुनवाई हुई थी। कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की थी। आज चुनाव हो रहे है चुनाव में कोई सख्ती नहीं दिख रही है। अमूमन हर कॉलेज में आचार संहिता का जमकर उल्लंघन हो रहा है। पर्चे उड़ाए जा रहे हैं और सड़कें इन पर्चों से पटी पड़ी हैं।
विवेकानंद कॉलेज के बाहर हुई नारेबाजी

चुनाव के दौरान विवेकानंद कॉलेज के बाहर नारेबाजी कर रहे छात्र समर्थकों को पुलिस ने शांत कराया।
ड्रोन से हो रही निगरानी
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में इस बार ड्रोन से भी निगरानी हो रही है, वहीं बड़ी संख्या में कॉलेजों में सुरक्षाबल तैनात हैं।
आईजीआई कॉलेज के बाहर पहुंचे कांग्रेस नेता

डूसू चुनाव में NSUI उम्मीदवारों के समर्थन में विकासपुरी स्थित आईजीआई कॉलेज के बाहर कांग्रेस नेता पहुंचे हैं।
DUSU Chunav 2026 Live: खालसा कॉलेज में मतदान जारी

दिल्ली विश्वविद्यालय के खालसा कॉलेज में लाइन में लगे छात्र वोट देने के लिए जा रहे हैं। यहां भी सुबह 9 बजे के बाद से छात्रों की भीड़ जुटनी शुरू हुई है।
DUSU Live Voting Updates: छात्रों में उत्साह, श्यामलाल कॉलेज के बाहर जमकर प्रचार

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के दौरान शुक्रवार सुबह से ही छात्रों में उत्साह देखने को मिला। उत्तर-पूर्वी दिल्ली स्थित श्यामलाल कॉलेज के बाहर बड़ी संख्या में छात्र प्रचार में जुटे नजर आए। छात्र हाथों में प्रचार सामग्री लेकर अपने प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बनाते दिखे। कॉलेज के बाहर छात्रों की भीड़ और प्रचार के दौरान पर्चे उड़ाते छात्रों के बीच दिखी चुनावी सरगर्मी।
DUSU Election 2026: शाहदरा स्थित श्यामलाल कॉलेज के बाहर भीड़

पूर्वी दिल्ली शाहदरा स्थित श्यामलाल कॉलेज के बाहर वोटिंग के आए छात्रों की भीड़ लगी है। वहीं हाईकोर्ट की सख्ती के बाद भी डूसू चुनाव के दौरान शाहदरा के श्यामलाल लाल कॉलेज के बाहर सड़क पर पैंफलेट्स फैले हैं। दूसरी तरफ सड़क पर उम्मीदवारों के समर्थक भी जमा हो गए हैं।
अरबिंदो कॉलेज में नौ बजे के बाद पहुंचने शुरू हुए मतदाता

दक्षिणी दिल्ली के कॉलेजों में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव (डूसू) को लेकर मतदान प्रक्रिया जारी है। कॉलेजों में मतदाताओं को मार्गदर्शन देने के किए जगह जगह वालंटियर की तैनाती की गई है। कॉलेजों में आईकार्ड देखकर ही प्रवेश दिया जा रहा है। मतदान के लिए लगातार छात्र-छात्राओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। श्री अरबिंदो कॉलेज के मुताबिक सुबह नौ बजे के बाद मतदाताओं के आने की संख्या बढ़ी है। वही भगत सिंह कॉलेज में डेढ़ घंटे में करीब 150 मतदाता मतदान कर चुके हैं।
धीरे-धीरे बढ़ रही भीड़

धीरे-धीरे मेट्रो स्टेशन और डीयू की लॉ फैकल्टी के बाहर छात्रों की भीड़ वोट देने के लिए बढ़ रही है।
-1789709952404.webp)
पिंक बूथ पर भी हो रहे मतदान

शहीद भगत सिंह कॉलेज में मतदान के लिए बने पिंक बूथ पर मतदान जारी है।
कॉलेजों में मतदान शुरू, युवाओं में दिखा खासा उत्साह

डीयू में छात्रसंघ चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों पर विद्यार्थियों में खासा उत्साहित देखने को मिल रहा है। कॉलेजों में सुबह से ही छात्र छात्राओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। कॉलेजों में मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहीद भगत सिंह कॉलेज में सुबह सभी बूथ पर पहला वोट डालने वाले मतदाताओं को मतदान के बाद प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कॉलेजों में बने सेल्फ बूथों पर मतदान के बाद युवा मतदाताओं ने दोस्तों के साथ फोटो क्लिक करवाइ और इन पलों को कैमरे में कैद किया।
