शकरपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बीच सड़क अर्टिगा कार में लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
पूर्वी दिल्ली के शकरपुर में एक चलती अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

शकरपुर इलाके में एक सड़क पर सरपट दौड़ रही अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई। वीडियो ग्रैब
HighLights
शकरपुर में चलती अर्टिगा कार में अचानक लगी आग।
ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई, बड़ा हादसा टला।
अग्निशमन विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। शकरपुर क्षेत्र में दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे पर एक अर्टिगा कार आग का गोला बन गई। हादसे के वक्त कार में दो बच्चे समेत पांच लोग मौजूद थे। परिवार ने समय रहते कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। चंद ही मिनटों में कार जलकर खाक हो गई। कार चालक रामकुमार को आशंका है कि शाॅर्ट सर्किट से आग लगी है। कार में आग की वजह से एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई।
शकरपुर क्षेत्र में पहुंचे तो इंजन से धुंआ निकलने लगा
रामकुमार अपने परिवार के साथ नोएडा के छपरौली क्षेत्र में रहते हैं। वह अपने बेटे उसकी पत्नी व बच्चों को लेकर बागपत त्योहार मनाने के लिए गए हुए थे। बुधवार शाम को वह बागपत से अपनी अर्टिगा कार से परिवार को लेकर दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे से होते हुए घर जा रहे थे। शाम सात बजे जब वह शकरपुर क्षेत्र में पहुंचे तो इंजन से धुंआ निकलने लगा।
दमकल ने आधे घंटे में आग पर काबू पाया
देखते ही देखते आग की लपटे निकलने लगी। पूरा परिवार कार से बाहर कूद गया। रामकुमार का कहना है जरा सी देर होने पर पूरे परिवार की जान को खतरा को सकता था। कार से बाहर आते उन्होंने मामले की सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल के एक वाहन ने आधे घंटे में आग पर काबू पाया। आग की वजह से एक्सप्रसवे पर वाहनों की गति कम हो गई। वाहनों की कतारें लगती चली गईं।