विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के 49 लग्जरी फ्लैट्स की नीलामी में नया पेंच, नुकसान हुआ तो NBCC की नहीं होगी जिम्मेदार

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:40 PM (GMT+05:30)

एनबीसीसी ने सरोजिनी नगर के एवेन्यू टावर्स में 66 अपार्टमेंट्स की ई-नीलामी के लिए फिर से बोलियां आमंत्रित की हैं, जिसमें 49 विवादित फ्लैट भी शामिल हैं। बोलीदाताओं ने पहले की नीलामी रद होने को हाईकोर्ट में चुनौती दी है।

सरोजिनी नगर स्थित एनबीसीसी का प्रीमियम हाउसिंग प्रोजेक्ट 'एवेन्यू टावर्स'। सौ. एनबीसीसी

सरोजिनी नगर स्थित एनबीसीसी का प्रीमियम हाउसिंग प्रोजेक्ट 'एवेन्यू टावर्स'। सौ. एनबीसीसी

HighLights

  1. एनबीसीसी ने सरोजिनी नगर के 66 फ्लैट्स की नीलामी फिर बुलाई।

  2. 49 विवादित फ्लैट्स के लिए एनबीसीसी ने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ा।

  3. एक पैन कार्ड से एक ही यूनिट के लिए आवेदन संभव।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। एनबीसीसी ने सरोजिनी नगर स्थित अपने प्रीमियम हाउसिंग प्रोजेक्ट 'एवेन्यू टावर्स' के शेष बचे 49 समेत कुल 66 अपार्टमेंट्स के लिए फिर से बोलियां आमंत्रित की हैं, जिसके लिए 30 नवंबर को ई-नीलामी होगी। पात्र खरीदारों से 28 नवंबर तक बोलियां आमंत्रित की गई हैं। अब एनबीसीसी ने इसमें नई शर्तें जोड़ी हैं।

एनबीसीसी की नहीं होगी कोई जिम्मेदारी

वेबसाइट पर 16 नवंबर अपडेट की गई सूचना के मुताबिक 28 अक्टूबर को प्रशासनिक कारणों से जिन 49 फ्लैट की नीलामी रद की गई थी, उनमें से कुछ बोलीदाता ने निर्णय को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। अब ये सभी फ्लैट्स वर्तमान नीलामी का हिस्सा हैं।

ऐसे में आवेदकों को सलाह दी जाती है कि वे इन तथ्यों पर ध्यान दें और अपने विवेक से आगे बढ़ें। यदि कोई आवेदक इस प्रस्तावित नीलामी में भाग लेने का निर्णय लेता है, तो किसी भी तरह के नुकसान, दावे, उम्मीद या धारणा के लिए एनबीसीसी जिम्मेदार नहीं होगा।

कोर्ट में कोई मुकदमा लंबित नहीं 

इसके अलावा कोई भी बोलीदाता जिसे 24 अक्टूबर को आयोजित नीलामी में सफल बोलीदाता घोषित किया जा चुका है, वह इस नीलामी में भाग लेने के लिए पात्र नहीं होगा।

इसके साथ ही एनबीसीसी ने यह भी स्पष्ट किया प्रोजेक्ट में जमीन के संबंध में किसी भी कोर्ट में कोई मुकदमा लंबित नहीं है।

हालांकि, दिल्ली हाई कोर्ट में कुछ रिट याचिकाएं दायर की गई हैं, जिनमें 49 फ्लैट के लिए बोलियों को रद किए जाने को चुनौती दी गई है।

एक से अधिक यूनिट हासिल नहीं कर सकते

इच्छुक बोलीदाताओं को सलाह दी जाती है कि वे अपना आवेदन जमा करने से पहले नियमों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। बिड दस्तावेज के मुताबिक एक वैध पैन कार्ड का इस्तेमाल केवल एक आवासीय फ्लैट के लिए आवेदन करने और बोली लगाने के लिए किया जा सकता है।

कोई भी बोली लगाने वाला एक ही पैन कार्ड का इस्तेमाल करके अलग-अलग यूजर अकाउंट से कई आवेदन जमा नहीं कर सकता। कोई भी व्यक्ति या संस्था प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से एक से अधिक यूनिट हासिल नहीं कर सकती है।

भूतल के अलावा 10 मंजिलें होंगी

बता दें कि सरोजिनी नगर के अफ्रीका एवेन्यू रोड पर एनबीसीसी का एक लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट है एवेन्यू टावर्स। इसमें 262 चार-बेडरूम अपार्टमेंट शामिल हैं। हर फ्लैट का बिक्री योग्य क्षेत्रफल 4000 वर्ग फीट से ज्यादा होगा।

प्रोजेक्ट में नौ टावर होंगे, जिनमें भूतल के अलावा 10 मंजिलें होंगी। यहां स्काईवाक, कामन क्लब हाउस और हरे-भरे खुले स्थान जैसी सुविधाएं भी हैं। इसे पूरा करने का लक्ष्य सितंबर 2027 निर्धारित था, पर ग्रेप की पाबंदियों के चलते अब इसके दिसंबर 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।