Delhi News: 'गरीबों को मकान नहीं, खुद बंगले में रहेंगे केजरीवाल', कांग्रेस ने AAP से पूछे कई सवाल
Arvind Kejriwal New Residence आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज मुख्यमंत्री आवास छोड़ दिया। आज से पूर्व सीएम का नया ठिकाना लुटियंस दिल्ली के फिरोजशाह रोड स्थित बंगला नंबर पांच होगा। AAP के मुखिया के नए घर में शिफ्ट होने के बाद पहले भाजपा तो अब कांग्रेस ने विरोध किया है। पढ़ें विपक्ष ने क्या आरोप लगाए हैं?
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने पूर्व मुख्मंत्री अरविंद केजरीवाल पर गरीबों की अनदेखी कर खुद की सुविधाओं पर ध्यान देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 10 साल में केजरीवाल ने गरीबों को डयूसिब द्वारा बनाए गए फ्लैटों का आवंटन तो किया नहीं, वे जर्जर होते जा रहे हैं।
जबकि स्वयं ''शीशमहल'' छोड़कर अब बंगले में रहने चले गए हैं। हैरत की बात यह कि जेल से बेल पर केजरीवाल को पूरी आम आदमी पार्टी भगवान बनाने की नौटंकी कर रही है।
'10 सालों में दिल्ली वासियों को क्या मिली सहूलियतें'
यादव (Devender Yadav) ने सवाल किया कि अपनी और अपने परिवार की सुविधाओं अनुसार आवास की बात करने वाले केजरीवाल ने 10 वर्षों में दिल्ली वासियों को क्या सहूलियतें और मौलिक सुविधाएं दी?
अपने लिए बाधाओं और विवादों से मुक्त आवास ढूंढने वाले केजरीवाल मलिन बस्तियों, अनधिकृत कालोनियों, पुनर्वास कालोनियों में रहने वाले गरीब लोगों का दर्द क्यों नही समझते?
बस मार्शलों, अतिथि और अनुबंधित शिक्षकों को लेकर पूछे सवाल
यादव ने कहा कि केजरीवाल (Arvind Kejriwal News) ने बस मार्शलों को जो धोखा दिया, सभी जानते हैं। अतिथि और अनुबंधित शिक्षक, ठेके पर अस्पतालों एवं स्कूलों में नॉन मेडिकल और नॉन शैक्षणिक स्टाफ के रूप में हजारों की अस्थाई भर्ती करके उन्हें भी धोखा दिया है।