दिल्ली के शाहदरा में जर्जर मकान जमींदोज, बच्चे समेत दो लोगों की मौत
शाहदरा के ज्वाला नगर में रेलवे ट्रैक के पास 40 साल पुराना दो मंजिला मकान ट्रेन के कंपन से ढह ...और पढ़ें

रेलवे ट्रैक के पास जर्जर मकान ढहा ( फोटो स्रोत : जागरण)
HighLights
शाहदरा में 40 साल पुराना दो मंजिला मकान ढहा।
ट्रेन के कंपन से जर्जर इमारत गिरी, दो की मौत।
मकान मालिक लापरवाही के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
सौरभ पांडेय, पूर्वी दिल्ली। जर्जर इमारतों की अनदेखी कितनी जानलेवा साबित हो सकती है, इसका खौफनाक मंजर मंगलवार सुबह शाहदरा के ज्वाला नगर में देखने को मिला।
रेलवे लाइन के पास करीब 40 साल पुराना दो मंजिला मकान ट्रेन के गुजरने से हए कंपन से अचानक भरभराकर ढह गया। मकान के मलबे में एक बच्चे समेत सात लोग दब गए। पुलिस, दमकल, एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने करीब तीन घंटे तक बचाव अभियान चलाकर सभी को बाहर निकाला।
तीन घंटे तक चला बचाव अभियान..
डॉ हेडगेवार अस्पताल में तीन वर्षीय देवांश उर्फ लड्डू और 35 वर्षीय पिंटू को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पांच गंभीर घायलों का इलाज चल रहा है। इनमें देवांश की मां खुशबू, अमन उर्फ डब्बा, पिंटू का भाई विकाश उर्फ विकेश, आकाश और दिलीप उर्फ डिंपा शामिल हैं।
उधर, सीएम रेखा गुप्ता ने हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों को हरसंभव मदद के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। विवेक विहार थाना पुलिस ने मालिक सुरेंद्र सिंह के खिलाफ लापरवाही से मौत की धारा में रिपोर्ट दर्ज दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। वह ढहे मकान के पड़ोस वाले भवन में रहता है।
फिर शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन..
डीसीपी शाहदरा आरपी मीणा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब दस बजे विवेक विहार थाना पुलिस को मकान गिरने की सूचना मिली थी। बचाव दल ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सूचना मिलते ही डीएम अजय कुमार और निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि ज्वाला नगर गली नंबर छह में सुरेंद्र सिंह की 700 गज जमीन में लगभग 30 कमरे बने हैं, जिनमें 70 किरायेदार रहते हैं। इसी परिसर में करीब 25 गज क्षेत्र में दो मंजिला मकान बना था, जो पूरी तरह जमींदोज हो गया। मकान के भूतल पर किराए के दो हाल में इटावा के रामू गजक बनाने का काम करते थे।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को उनके चाचा पिंटू उनका दिव्यांग भाई विकाश और कर्मचारी अमन, दिलीप व आकाश भूतल पर गजक बना रहे थे। वहीं, पहली मंजिल पर 15 वर्ष से रह रहे कन्हैया बाहर थे, उनकी पत्नी खुशबू अपने बेटे देवांश के साथ घर पर मौजूद थीं। हादसे में सभी दब गए।
मरम्मत नहीं होने से जर्जर हो गया था मकान
40 साल पुराने जर्जर मकान के पीछे रेलवे लाइन है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन गुजरने के दौरान होने वाले कंपन से कमजोर इमारत ढह गई। डीएम अजय कुमार ने बताया कि मकान मालिक ने लंबे समय से मरम्मत नहीं करवाई थी। पूरे परिसर को खाली कराने के लिए निगम को निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आसपास के जर्जर मकानों की भी जांच होगी। उत्तर पूर्वी निगम जोन के चेयरमैन पंकज लूथरा ने बताया कि यह मकान रेलवे की जमीन पर बना हुआ था। जिला प्रशासन की टीम जमीन से संबंधित रिकार्ड खंगाल रही है। यह खतरनाक भवनों की सूची में शामिल नहीं था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।